


बिल्सी। बिल्सी विधायक हरीश शाक्य ने मंगलवार को विभिन्न विकास कार्यक्रमों में हिस्सा लेकर क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने का प्रयास किया।सबसे पहले उन्होंने ब्लॉक मुख्यालय अंबियापुर पहुंचकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को स्मार्टफोन वितरित किए। इस अवसर पर विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि प्रदेश सरकार की यह पहल डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को योजनाओं के बेहतर संचालन और सूचनाओं के आदान-प्रदान में सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी शैली गोविल सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसके बाद विधायक हरीश शाक्य ने नगर पालिका अध्यक्ष ज्ञान देवी सागर के साथ नैथुआ रोड पर 250 गोवंशीय क्षमता वाली बृहद कान्हा गौशाला का विधिवत शिलान्यास किया।
इस मौके पर विधायक ने कहा कि गौशाला निर्माण से निराश्रित गोवंशों को सुरक्षित आश्रय मिलेगा और क्षेत्र में गोसंरक्षण को मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में पूर्व पालिका अध्यक्ष ओम प्रकाश सागर, नवनीत शाक्य सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।


























