बिल्सी। नगर के मुख्य बाजार स्थित पुराने डाकखाना मार्ग के निकट संचालित मछली बाजार को लेकर अब विवाद गहराता जा रहा है। राष्ट्रीय बजरंग दल द्वारा इस बाजार को हटाने की मांग उठाए जाने के बाद मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। बिल्सी और आसपास के क्षेत्र में यह मुद्दा चर्चा का विषय बना हुआ है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बड़ी संख्या में लोग इस आवाज का समर्थन करते दिखाई दे रहे हैं और कमेंट्स के जरिए मुद्दा उठाने वाले युवा का उत्साहवर्धन कर रहे हैं।

दरअसल, राष्ट्रीय बजरंग दल के जिला मंत्री मोहित शर्मा ‘गुरु’ ने एक वीडियो जारी कर नगर पालिका प्रशासन पर सवाल उठाते हुए पुराने डाकखाना मार्ग पर लगने वाले मछली बाजार को तत्काल हटाने की मांग की है। वीडियो में उन्होंने आरोप लगाया कि नगर के बीचोंबीच अवैध रूप से संचालित इस बाजार के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि पुराने डाकखाना मार्ग पर अब एक बड़ी कॉलोनी विकसित हो चुकी है, जहां रहने वाले लोगों को मछली बाजार से उठने वाली गंदगी और दुर्गंध के बीच से गुजरना पड़ता है। खासतौर पर सोमवार और शुक्रवार को लगने वाले साप्ताहिक बाजार के दौरान स्थिति और अधिक खराब हो जाती है।

वीडियो में यह भी आरोप लगाया गया है कि मछली बाजार में बैठने वाले प्रत्येक विक्रेता से कथित रूप से ₹300 से ₹350 तक की वसूली की जाती है, लेकिन उन्हें किसी प्रकार की रसीद नहीं दी जाती। इसको लेकर भी नगर पालिका प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए गए हैं।

मोहित शर्मा ने बिल्सी विधायक हरिश शाक्य से हस्तक्षेप करते हुए मछली बाजार को तत्काल प्रभाव से हटाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो बजरंग दल कार्यकर्ता उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

उधर, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के बाद लोगों की प्रतिक्रियाएं लगातार सामने आ रही हैं। कई लोग बाजार को आबादी क्षेत्र से हटाने की मांग का समर्थन कर रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे रोजी-रोटी से जुड़े मुद्दे के रूप में भी देख रहे हैं। फिलहाल यह मामला नगर में चर्चा और बहस का केंद्र बना हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here