बिल्सी (बदायूं):बिल्सी में शनिवार को द जर्नलिस्ट एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश डी यादव के निर्देशन में पत्रकारों ने एकजुट होकर जिलाधिकारी बदायूं अवनीश कुमार राय को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और निष्पक्ष कार्य वातावरण सुनिश्चित करने के लिए कुछ प्रमुख मांगें उठाई गईं। पत्रकारों ने कहा कि प्रत्येक माह थाना एवं कोतवाली स्तर पर पुलिस प्रशासन और पत्रकारों के बीच बैठक आयोजित की जाए, जिससे आपसी सामंजस्य बेहतर हो और सूचनाओं का आदान-प्रदान सुचारु रूप से हो सके।
इसके साथ ही यह भी मांग की गई कि किसी भी पत्रकार के खिलाफ बिना पूरी जांच के कोई मुकदमा दर्ज न किया जाए। पत्रकारों को गालियां देने और जान से मारने की धमकी देने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात भी प्रमुख रूप से उठाई गई।
पत्रकारों ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि उन्हें सुरक्षा प्रदान की जाए, ताकि वे निडर होकर निष्पक्ष रूप से खबरों का प्रकाशन कर सकें। साथ ही जनपद स्तरीय अधिकारियों से अपेक्षा की गई कि वे पत्रकारों के साथ बिना किसी भेदभाव के सौम्य व्यवहार रखें।
ज्ञापन सौंपने वालों में प्रदेश सचिव डॉ. नीरज अग्निहोत्री, जिला प्रमुख प्रशांत जैन, जिलाध्यक्ष ललित मोहन वार्ष्णेय, सूरज सागर, सौरभ चौहान, गोपाल परासर और डॉ. विवेक चौहान सहित कई पत्रकार मौजूद रहे।


























