बिल्सी। तहसील क्षेत्र के बिल्सी स्थित भूदेवी वार्ष्णेय इंटर कॉलेज में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से खेल सांसद किट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स किट वितरित की गई।
विद्यालय प्रशासन के अनुसार बहेड़ी स्पोर्ट्स स्टेडियम से जिला क्रीड़ा अधिकारी अमित कुमार रिछारिया के माध्यम से प्राप्त खेल सामग्री को विद्यालय के प्रतिभावान खिलाड़ियों में वितरित किया गया।
बताया गया कि आयोजित खेल सांसद प्रतियोगिता में भूदेवी वार्ष्णेय इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कबड्डी और वॉलीबॉल प्रतियोगिता में विजय प्राप्त की। इसके अलावा एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भी विद्यालय के खिलाड़ियों ने प्रथम और द्वितीय स्थान हासिल कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार शर्मा ने खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स किट वितरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यालय के छात्र-छात्राएं शिक्षा के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, जो पूरे विद्यालय के लिए गर्व की बात है।
प्रधानाचार्य ने बताया कि आगामी 16 मार्च 2026 से डोरी लाल स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित होने वाली जोन स्तर की प्रतियोगिता में भी विद्यालय के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे जोन स्तर पर भी विजय हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।
इस दौरान प्रधानाचार्य ने विद्यालय के पीटीआई वरुण कुमार सिंह और अमित दीक्षित को भी खिलाड़ियों को तैयार करने के लिए बधाई दी और कहा कि उनकी मेहनत और मार्गदर्शन से खिलाड़ी आगे बढ़ रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान प्रदीप कुमार सक्सेना, राजेंद्र कुमार शर्मा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा और सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।


























