बदायूं। अभी अभी जनपद बदायूं के बिल्सी–बिजनौर हाईवे पर ग्राम कुरई के समीप उस समय अफरा-तफरी मच गई जब गन्ने से लदी एक ओवरलोड ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन ट्रॉली के सड़क के बीचोंबीच पलट जाने से हाईवे पूरी तरह बाधित हो गया।

हादसे के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। बदायूं से बिल्सी की ओर जाने वाले वाहन चालकों को मजबूरी में वापस लौटना पड़ रहा है, वहीं बिल्सी की ओर से आने वाले कई वाहन भी पीछे की ओर मुड़ने को विवश हो गए। कुछ वाहन चालक मौके पर ही सड़क खुलने का इंतजार करते रहे, जिससे जाम की स्थिति और गंभीर होती चली गई।

स्थानीय लोगों ने बताया कि यह मार्ग अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि आरटीओ कार्यालय भी इसी रोड पर स्थित है। बावजूद इसके, ओवरलोड गन्ना ट्रॉलियों पर न तो कोई प्रभावी निगरानी दिखाई देती है और न ही कोई सख्त कार्रवाई। लोगों का आरोप है कि जरा-जरा सी बात पर चालान करने वाला विभाग ऐसी ओवरलोड ट्रॉलियों के मामले में आंखें मूंदे रहता है, जो बड़े हादसों को न्योता दे रहा है।

घटना के काफी समय बाद भी अभी तक पुलिस के मौके पर न पहुंचने से लोगों में नाराजगी देखी गई। जाम में फंसे लोगों ने स्वदेश केसरी न्यूज़ को घटना के फोटो भेजकर प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क खुलवाने और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने इस ओर ध्यान नहीं दिया, तो भविष्य में इससे भी बड़े हादसे हो सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here