लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने होली से पहले प्रदेश के करीब 17 लाख सरकारी कर्मचारियों को बड़ी राहत और खुशी देने वाला फैसला किया है। होली के मौके पर लगातार चार दिन की छुट्टी का लाभ कर्मचारियों को मिलने जा रहा है, जिससे त्योहार की खुशियां दोगुनी हो गई हैं।
प्रदेश सरकार के आदेश के अनुसार 2, 3 और 4 मार्च को तीन दिन का का होली का अवकाश घोषित किया गया है। वहीं 1 मार्च रविवार होने के कारण कुल मिलाकर कर्मचारियों को रविवार से बुधवार तक चार दिन का लगातार अवकाश मिलेगा।हालांकि, 28 फरवरी (शनिवार) को कार्यदिवस घोषित किया गया है। इस दिन प्रदेश के सभी सरकारी विभाग खुले रहेंगे और नियमित कामकाज होगा।
होली से पहले मिलेगी सभी कर्मचारियों की सैलरी,
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि होली से पहले सभी कर्मचारियों को हर हाल में वेतन/मानदेय का भुगतान किया जाए। इसमें आउटसोर्सिंग कर्मी, संविदा कर्मचारी और सफाईकर्मी भी शामिल हैं।मुख्यमंत्री ने साफ कहा है कि वेतन भुगतान में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।बताया जा रहा है कि विदेश दौरे (सिंगापुर और जापान) से लौटने के बाद मुख्यमंत्री ने यह निर्देश जारी किए, ताकि कर्मचारी त्योहार बिना किसी चिंता के मना सकें।
होली पर बैंक अवकाश
उत्तर प्रदेश में 2 मार्च (होलिका दहन) के दिन बैंकों में अवकाश रहेगा। इस दिन राज्य में बैंक बंद रहेंगे, हालांकि ऑनलाइन बैंकिंग सेवाएं पहले की तरह उपलब्ध रहेंगी।
कर्मचारियों में खुशी की लहर
चार दिन की लगातार छुट्टी और होली से पहले वेतन मिलने के फैसले से प्रदेश भर के सरकारी कर्मचारियों में खुशी का माहौल है। इसे होली से पहले सरकार की ओर से “बड़ी सौगात” माना जा रहा है।


























