



बिल्सी। श्री श्याम सेवा मंडल के तत्वाधान में रंग एकादशी के पावन अवसर पर आज श्रद्धा, भक्ति और उल्लास से ओतप्रोत भव्य श्याम निशान गुणगान यात्रा निकाली गई। सतरंगी रंगों और बाबा श्याम के जयकारों से पूरा नगर श्याममय हो उठा।
निशान गुणगान यात्रा का शुभारंभ प्रातः 8 बजे सब्जी मंडी स्थित श्री श्याम भवन से हुआ। यात्रा मुख्य बाजार, अटल चौक, बालाजी तिराहा, स्टेट बैंक रोड होते हुए दोपहर पश्चात जजपुरा धाम स्थित श्री श्याम मंदिर पर संपन्न हुई।
इस भव्य यात्रा में बिसौली, चंदौसी, इस्लामनगर, बहजोई, उघैती, बेहटा गुसाईं सहित आसपास के क्षेत्रों से आए सैकड़ों श्रद्धालु भक्तों ने निशान उठाकर बाबा श्याम का गुणगान किया। श्याम प्रेमी भक्ति भाव में श्याम पटका धारण कर, अबीर-गुलाल लगाते हुए भजनों पर झूमते नजर आए।
नगर के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं एवं व्यापारियों द्वारा यात्रा का पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। यात्रा में पार्थ हॉस्पिटल चंदौसी के संचालक डॉ. वीरेश कुमार भी अपने समर्थकों के साथ शामिल हुए।
श्याम सेवा मंडल के संचालक विकास वार्ष्णेय गुरुजी पूरे मार्ग में पैदल चलकर श्रद्धालु भक्तों को आशीर्वाद देते हुए प्रसाद वितरण करते रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर श्री श्याम सेवा मंडल के सभी सदस्यों ने नगरवासियों एवं सहयोगी श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
पूरे यात्रा मार्ग पर भक्ति, रंग और उल्लास से भरा श्याममय वातावरण देखते ही बन रहा था।


























