बदायूं। अखिल भारतीय सनातन बोर्ड ने शहर की बदहाल सड़कों को लेकर जनता की आवाज बुलंद की है। शुक्रवार प्रातः 11 बजे बोर्ड के कार्यकारिणी पदाधिकारियों के प्रतिनिधि मंडल ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी से मुलाकात कर लंबे समय से क्षतिग्रस्त पड़ी सड़कों के शीघ्र निर्माण की मांग उठाई और इस संबंध में एक ज्ञापन सौंपा।

सनातन बोर्ड के जिला अध्यक्ष जितेंद्र साहू ने बताया कि शहर के मध्य स्थित प्रमुख मार्ग—दिनेश चौक से गांधी ग्राउंड चौराहा होते हुए जफा की कोठी, जफा की कोठी से पथिक चौक, गांधी ग्राउंड मंदिर वाले चौराहे से सुभाष चौक तथा सुभाष चौक से आर्य समाज चौक तक की सड़कें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। इन मार्गों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, मरीज और आम नागरिक गुजरते हैं, जिससे नगरवासियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

सनातन बोर्ड के कार्यकारिणी प्रमुख उपेंद्र उपाध्याय ने कहा कि टूटी सड़कों के कारण विशेषकर दोपहिया वाहन चालक अक्सर फिसलकर गिर जाते हैं, जिससे महिलाओं और बच्चों को चोटें लग रही हैं। वहीं प्रशासनिक प्रमुख विजय रतन सिंह ने बताया कि सड़कों की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि कई स्थानों पर सड़क का नामोनिशान तक नहीं बचा है। वाहनों से उड़ती धूल-मिट्टी के कारण स्थानीय व्यापारियों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

संगठन सचिव अश्वनी भारद्वाज ने जानकारी दी कि यह मार्ग जिला चिकित्सालय से मरीजों को एंबुलेंस द्वारा बरेली ले जाने का मुख्य रास्ता है। इसके अलावा स्कूल बसें और तिपहिया वाहन भी इसी मार्ग से होकर गुजरते हैं, ऐसे में सड़कों का तत्काल निर्माण अत्यंत आवश्यक है।

नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी ने ज्ञापन में उठाई गई सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि होली के त्योहार से पहले सभी क्षतिग्रस्त मार्गों का निर्माण कार्य पूरा करा दिया जाएगा।

इस अवसर पर डॉ. सुशील गुप्ता, चंद्रदेव वर्मा, वागीश यादव, ओम प्रकाश कश्यप, अमित कश्यप, एडवोकेट के.एम. गुप्ता, सभासद मुकेश कश्यप, सभासद मनोज चंदेल, पूर्व सभासद डॉ. अमर सिंह, राकेश गुलाटी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here