बिल्सी (बदायूं)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 31 जनवरी को बिल्सी नगर में आयोजित होने वाले विराट हिंदू सम्मेलन की तैयारियां तेज़ी से चल रही हैं। सम्मेलन को भव्य और ऐतिहासिक स्वरूप देने के उद्देश्य से रविवार को नगर स्थित एस.एम. पब्लिक स्कूल में एक महत्वपूर्ण तैयारी बैठक आयोजित की गई।
बैठक में हिंदू सम्मेलन की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और जनसंपर्क को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए एक आयोजन समिति का गठन किया गया, जिसकी निगरानी में पूरे कार्यक्रम का संचालन किया जाएगा।
बैठक को संबोधित करते हुए विभाग प्रचारक सुधांशु जी ने संघ के 100 वर्षों की यात्रा, उद्देश्य और समाज में उसकी भूमिका पर प्रकाश डाला। वहीं नगर संघ चालक डॉ. उमेंद्र गुप्ता जी ने सम्मेलन को अधिक से अधिक भव्य बनाने और अधिकतम संख्या में लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
नगर व आसपास के क्षेत्रों में सम्मेलन को लेकर उत्साह का माहौल है। जगह-जगह संपर्क अभियान चलाए जा रहे हैं और कार्यकर्ताओं द्वारा लोगों को सम्मेलन में आमंत्रित किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार सम्मेलन के उपरांत श्रद्धालुओं एवं सहभागियों के लिए प्रसाद स्वरूप भंडारे की भी भव्य व्यवस्था की जाएगी।


























