बिना ओटीपी निकाली गई रकम, व्यापारियों में डर और अविश्वास का माहौल

बिल्सी। नगर में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है। नगर के मुख्य बाजार स्थित एक प्रतिष्ठित इलेक्ट्रॉनिक फर्म की महिला स्वामी के बैंक खाते से इंटरनेट बैंकिंग फ्रॉड के जरिए 23 हजार से अधिक रुपये निकाल लिए गए। हैरानी की बात यह रही कि यह रकम बिना किसी ओटीपी के खाते से गायब कर दी गई, जिससे व्यापारियों और आम लोगों में इंटरनेट बैंकिंग को लेकर भय और अविश्वास का माहौल बन गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर के मुख्य बाजार स्थित शशि ट्रेडर्स की स्वामिनी शशि सागर, पत्नी तेजेंद्र सागर, का भारतीय स्टेट बैंक (SBI), बिल्सी शाखा में खाता है। बुधवार को उनके खाते से किसी शातिर साइबर ठग ने 23,083 रुपये की राशि इंटरनेट बैंकिंग के माध्यम से निकाल ली।

खाते से रकम कटने की जानकारी मिलते ही महिला व्यापारी के होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल बैंक से संपर्क किया और ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराते हुए पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराए जाने की मांग की है। पीड़िता का कहना है कि न तो उनके मोबाइल पर कोई ओटीपी आया और न ही उन्होंने किसी को अपनी बैंक संबंधी जानकारी साझा की थी।

घटना के बाद नगर के व्यापारियों में भी चिंता व्याप्त है। लोगों का कहना है कि लगातार सामने आ रहे साइबर फ्रॉड के मामलों से इंटरनेट बैंकिंग को लेकर डर बढ़ता जा रहा है। व्यापारियों ने प्रशासन और बैंक अधिकारियों से मांग की है कि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई कर दोषियों को पकड़ा जाए, ताकि लोगों का डिजिटल लेनदेन पर विश्वास बना रहे।

फिलहाल पीड़िता द्वारा साइबर सेल और बैंक को सूचना दे दी गई है। मामले की जांच जारी बताई जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here