समय सारिणी और प्रचार की कमी पर उठे सवाल, बिल्सी में फिर सामने आई परिवहन व्यवस्था की हकीकत

बिल्सी। क्षेत्र में परिवहन सुविधा को लेकर एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। अक्सर देखा जाता है कि राजनीतिक दबाव के चलते औपचारिकता निभाने के लिए बसों का संचालन तो कर दिया जाता है, लेकिन उनकी समय सारिणी इस प्रकार तय की जाती है जिसके कारण लोड फैक्टर बेहद कम रहता है। कुछ समय बाद यही कम सवारी अधिकारियों के लिए बहाना बन जाती है और बसों को घाटे का हवाला देकर बंद कर दिया जाता है। सवाल यह है कि जब बसों का न तो सही समय तय किया जाता है और न ही इनका प्रचार-प्रसार, तो यात्री आखिर इन बसों का इंतजार क्यों करेंगे?

इसी तरह का नया मामला रामपुर डिपो से संचालित बस सेवा को लेकर सामने आया है, जिसकी पड़ताल स्वदेश केसरी न्यूज़ द्वारा की गई। स्वदेश केसरी ने इस बारे मे रामपुर डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक राम प्रकाश एवं जूनियर स्टेशन इंचार्ज अब्दुल अलीम अंसारी से बातचीत की।

एक माह से चल रही बस, लेकिन बिल्सी क्षेत्रवासियों को पता ही नहीं

रामपुर डिपो द्वारा लगभग एक माह पूर्व से एक बस का रामपुर से मुरादाबाद–चंदौसी–बिसौली–बिल्सी–कासगंज–मैनपुरी–सैफई होते हुए इटावा के लिए एक बस का संचालन शुरू किया गया है। यह बस सुबह 10:00 बजे रामपुर से प्रस्थान करती है और दोपहर 1:40 बजे बिल्सी पहुंचती है, जबकि सायं 6:30 बजे इटावा पहुंचती है।

वापसी में यह बस इसी रुट से वापिस नहीं आकर फर्रुखाबाद–बरेली होते हुए अगले दिन रामपुर चली जाती है। हैरानी की बात यह है कि इस बस के संचालन की कोई जानकारी न तो बिल्सी क्षेत्र की जनता को दी गई और न ही मीडिया और सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से इसका प्रचार किया गया, जिसके चलते क्षेत्रवासियों को इस बस सेवा का कोई वास्तविक लाभ नहीं मिल सका।

प्रचार के बिना यात्री कहां से आएंगे?

स्थानीय लोगों का कहना है कि जब किसी भी बस सेवा का मीडिया, सोशल मीडिया, अखबार या सूचना बोर्ड के माध्यम से प्रचार ही नहीं होगा, तो यात्रियों को कैसे पता चलेगा कि किस समय, कहां से और कहां के लिए बस उपलब्ध है? बिना जानकारी के कोई भी यात्री घंटों बस स्टैंड पर इंतजार क्यों करेगा—यह एक बड़ा और गंभीर सवाल है।

पहले भी हो चुकी है यह गलती

यह पहला मौका नहीं है। इससे पहले भी बिल्सी होकर बदायूं व रोहिलखंड डिपो द्वारा कई बसें ऑफ टाइम में चलाई गईं, जो कुछ दिन बाद ही कम सवारी का हवाला देकर बंद कर दी गईं। इससे क्षेत्र की जनता में परिवहन विभाग के प्रति निराशा बढ़ती जा रही है।

नई बसों की जोरदार मांग

बिल्सी नगर की प्रबुद्ध जनता एवं क्षेत्रवासियों ने रामपुर डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक को पत्र लिखकर मांग की है कि रामपुर से मुरादाबाद–चंदौसी–बिल्सी–कासगंज होते हुए आगरा और मथुरा के लिए नई बस सेवाएं शुरू की जाएं। इससे परिवहन की दृष्टि से पिछड़े इस क्षेत्र के लोगों को शैक्षिक, व्यापारिक और पर्यटन के क्षेत्र में बड़ा लाभ मिल सकेगा।

क्षेत्रवासियों का स्पष्ट कहना है कि अगर बसें सही समय पर, सही योजना और व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ चलाई जाएं, तो निश्चित रूप से यात्री मिलेंगे और बसें घाटे का सौदा नहीं बनेंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here