- बिल्सी मार्ग पर एनकाउंटर, तीनों के पैर में लगी गोली, एक आरोपी फरार
- पुलिस मुठभेड़ में 25-25 हजार के इनामी तीन शातिर बदमाश गिरफ्तार, सिपाही घायल






बदायूं। जनपद बदायूं में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के बहुचर्चित रिगालिया गार्डन कॉलोनी लूटकांड का सफल अनावरण कर दिया है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान 25-25 हजार रुपये के इनामी तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी घायल हुआ है, जबकि तीनों बदमाशों को भी गोली लगी है। सभी को उपचार के लिए जिला अस्पताल बदायूं में भर्ती कराया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक नगर विजयेंद्र द्विवेदी के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी नगर रजनीश कुमार उपाध्याय के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। अपराध की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे रात्रि गश्त एवं संदिग्ध चेकिंग अभियान के दौरान यह मुठभेड़ हुई।
क्या था पूरा मामला
दिनांक 20 दिसंबर 2025 की शाम करीब 6:45 बजे, थाना सिविल लाइंस क्षेत्र की रिगालिया गार्डन कॉलोनी निवासी श्रीमती प्रीति वर्मा, जब मंदिर से लौटकर घर पहुंचीं, तो पीछे-पीछे चार बदमाश उनके घर में घुस आए। बदमाशों ने महिला को गन पॉइंट पर बंधक बनाकर घर में रखी 32 बोर की लाइसेंसी पिस्टल, सोने-चांदी के जेवर, लैपटॉप, मोबाइल फोन और नकदी लूट ली और फरार हो गए।
घटना के संबंध में थाना सिविल लाइंस पर मु0अ0सं0 611/25 धारा 309(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने इसे गंभीर चुनौती मानते हुए थाना सिविल लाइंस, एसओजी और सर्विलांस की अलग-अलग टीमें गठित कीं। सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और पुराने अपराधियों की जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई।
मुठभेड़ कैसे हुई
23 दिसंबर 2025 को पुलिस टीम को सूचना मिली कि लूटकांड में शामिल अपराधी बिल्सी रोड नई जेल के पास चिन्हित खाली जंगल क्षेत्र में छिपे हुए हैं। गिरफ्तारी के प्रयास के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस दौरान आरक्षी 773 दीपक कुमार गोली लगने से घायल हो गए, जबकि प्रभारी निरीक्षक सिविल लाइंस हरेन्द्र सिंह बाल-बाल बच गए।
पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में तीनों बदमाश घायल हो गए और मौके से गिरफ्तार कर लिए गए।
गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम
- दीपक गौतम उर्फ मोनू पुत्र स्व. हंसराज सिंह
निवासी: ग्राम सकरी जंगल, थाना उझानी
(हाल पता: जिला परिषद कॉलोनी, थाना सिविल लाइंस)
दाहिने पैर में गोली लगी - संतोष यादव पुत्र अजयपाल यादव
निवासी: मीरासराय, थाना सिविल लाइंस
बाएं पैर में गोली लगी - जसविंदर उर्फ काके पुत्र बक्शी
निवासी: दद्दोबसी, सदर होशियारपुर (पंजाब)
(हाल निवासी: कस्बा उझानी)
दोनों पैरों में गोली लगी
पूछताछ में बड़ा खुलासा
पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे पूर्व में लूट और चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं और वहीं उनकी आपस में पहचान हुई। जेल से छूटने के बाद उन्होंने अपने साथी डेविड उर्फ शोएब के साथ मिलकर गिरोह बनाया। नशे के आदी होने और पैसों की जरूरत के चलते उन्होंने सुनियोजित तरीके से रिगालिया कॉलोनी में घटना को अंजाम दिया।
बरामदगी का विवरण
- 32 बोर की लूटी गई लाइसेंसी पिस्टल
- सोनी कंपनी का लैपटॉप
- एक मोबाइल फोन
- सोने-चांदी के जेवरात
- लूटी गई नकदी में से ₹50,000
- घटना में प्रयुक्त 03 अवैध तमंचे 315 बोर, कारतूस व खोखे
लंबा आपराधिक इतिहास
तीनों अभियुक्तों पर पहले से ही लूट, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस इनके अन्य आपराधिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
पुलिस की सख्त चेतावनी
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


























