




बदायूं। क्रिसमस के अवसर पर बदायूं स्थित लॉर्ड कृष्णा प्ले-स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने एक शैक्षिक एवं सांस्कृतिक भ्रमण के तहत स्थानीय कैथोलिक चर्च का भ्रमण किया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को विभिन्न धर्मों के प्रति सम्मान, प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश देना रहा।
चर्च परिसर में बच्चों को क्रिसमस पर्व के महत्व के साथ-साथ प्रभु यीशु मसीह के जीवन दर्शन, प्रेम, सेवा और शांति के संदेश को अत्यंत सरल एवं रोचक ढंग से समझाया गया। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ इस अनुभव को आत्मसात किया और भ्रमण के दौरान जिज्ञासा व प्रसन्नता से भरे नजर आए।
विद्यालय परिवार की ओर से इस अवसर पर बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक वेदव्रत त्रिवेदी, निर्देशिका श्रीमती छवि शर्मा, प्रधानाध्यापक श्रीमती ममता गुप्ता सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों से बच्चों में धार्मिक सहिष्णुता, नैतिक मूल्यों और सामाजिक समरसता का विकास होता है, जो उनके सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।


























