




बिल्सी। फ्यूचर लीडर्स स्कूल, बिल्सी के प्रांगण में श्री बालाजी एजुकेशनल वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में एक भावनात्मक एवं प्रेरणादायी कंबल वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कड़ाके की ठंड में जरूरतमंद एवं असहाय लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों ने समाजसेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया।
समारोह में वरिष्ठ पत्रकार एवं द जनरलिस्ट संगठन के जिला अध्यक्ष श्री ललित मोहन वार्ष्णेय एवं अरिहंत वृक्षारोपण समिति के संस्थापक ‘ट्री मैन’ श्री प्रशांत जैन की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ा दिया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, संवेदनशीलता एवं करुणा के साथ अपने हाथों से जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए और मानवीय मूल्यों का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त किया।
विद्यालय के डायरेक्टर श्री वी. पी. सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के समाजसेवी कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि सेवा कार्यों से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व एवं चरित्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान मिलता है।
विद्यालय के एमडी श्री राहुल कुमार सिंह ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र ही नहीं, बल्कि संस्कार, संवेदना और सेवा भावना का पथप्रदर्शक भी होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी समाजोपयोगी कार्यों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री रविंद्र सिंह ने विद्यार्थियों की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में मानवता, सहयोग एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं तथा उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में आगे बढ़ाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी अतिथियों, शिक्षकों, समन्वयकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे समाजसेवी कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर जूनियर कॉर्डिनेटर परमेंद्र सिंह, प्राइमरी कॉर्डिनेटर केशव शर्मा, प्री-प्राइमरी कॉर्डिनेटर राखी गुप्ता सहित विद्यालय परिवार के अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे, जिनकी सक्रिय सहभागिता से यह आयोजन सफल एवं स्मरणीय बन सका।


























