









बिल्सी। स्टेट बैंक के सामने गली मे स्थित श्री संकट मोचन दरबार का तीन दिवसीय 24वां स्थापना दिवस समारोह आज विविध धार्मिक अनुष्ठानों, कंबल वितरण एवं विशाल भंडारे के साथ श्रद्धा और उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। स्थापना दिवस के अंतिम दिन भक्तों की भारी भीड़ बाबा के दरबार में उमड़ी रही।
मुख्य कार्यक्रम के अंतर्गत आज प्रातः 7:00 बजे बाबा का विशेष श्रृंगार, 9:00 बजे 56 भोग अर्पण, 10:00 बजे विशेष आरती संपन्न हुई। इसके पश्चात दोपहर 12:00 बजे निर्धन एवं जरूरतमंदों को कंबल वितरण किया गया तथा दोपहर 2:00 बजे विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
बीती रात दरबार में भव्य ज्योति जागरण का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालु पूरी रात भजन-कीर्तन करते हुए बाबा के चरणों में हाजिरी लगाते रहे। पूरे वातावरण में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला।
दरबार के प्रधान महंत संजय शर्मा एवं मुख्य सेविका श्रीमती कुसुम शर्मा ने सेवादारों के साथ सभी धार्मिक कार्यक्रमों में श्रद्धा एवं भक्ति भाव से सहभागिता की। इस अवसर पर 101 कन्याओं को कन्या भोज कराया गया तथा 5 कुंतल 15 किलो आलू-पूरी-हलवा का विशाल भंडारा आयोजित किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में दरबार के सेवादार आलोक सक्सेना, अंशुल वार्ष्णेय, प्रियांशु महेश्वरी, देवकीनंदन, मुकेश सक्सेना, नितिन वार्ष्णेय, संजीव वार्ष्णेय, मुन्ना बाबू वार्ष्णेय, शिवांक शर्मा, शुभम शर्मा एवं अनुभव वार्ष्णेय ने सक्रिय भूमिका निभाई।
वार्षिक उत्सव कार्यक्रम में उप जिला अधिकारी प्रेमपाल सिंह, वरिष्ठ पत्रकार एवं डी जर्नलिस्ट एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष ललित मोहन वार्ष्णेय, रजिस्ट्री कार्यालय विभाग से हिमांशु गुप्ता, लवी शर्मा (इस्लामनगर), सोनू शाक्य, टिंकू शाक्य, यश पांडे एवं हिमांशु शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोगों ने बाबा के दरबार में उपस्थित होकर प्रधान महंत संजय शर्मा से आशीर्वाद प्राप्त किया और प्रसाद ग्रहण किया।


























