भगवान परशुराम ब्राह्मण धर्मशाला में होंगे यज्ञ, सांस्कृतिक कार्यक्रम व मेधावी छात्रों का सम्मान
बदायूं। भगवान परशुराम जयंती समारोह समिति बदायूं एवं अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा बदायूं के संयुक्त तत्वावधान में भारत रत्न, महामना पंडित मदन मोहन मालवीय जी की 164वीं जयंती 25 दिसंबर 2025 को श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाई जाएगी। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
समिति की ओर से जारी जानकारी के अनुसार जयंती कार्यक्रम की शुरुआत 25 दिसंबर को प्रातः 8:30 बजे महामना मदन मोहन मालवीय जी अध्यापक आवास गृह, बदायूं पर दुग्धाभिषेक एवं माल्यार्पण के साथ होगी। इसके पश्चात भगवान परशुराम ब्राह्मण धर्मशाला में प्रातः 10:00 बजे सामूहिक यज्ञ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में विप्र समाज के लोग आहुति देंगे।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में प्रातः 11:00 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम, काव्य पाठ एवं विद्वानों के आशीर्वचन आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में शैक्षिक सत्र 2024–25 में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, स्नातकोत्तर अथवा समकक्ष परीक्षा में 60 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विप्र समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान किया जाएगा। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर समाज का नाम गौरवांवित करने वाले सम्माननीय विप्र बंधुओं का अभिनंदन भी किया जाएगा।
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि महामना मालवीय जी का जीवन राष्ट्रनिर्माण, शिक्षा और सामाजिक समरसता का प्रेरक उदाहरण है। ऐसे महापुरुष की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम नई पीढ़ी को संस्कार, शिक्षा और सेवा के मार्ग पर अग्रसर करने का कार्य करेंगे।
भगवान परशुराम जयंती समारोह समिति, अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा एवं समस्त ब्राह्मण समाज संगठनों ने जिले के प्रबुद्ध नागरिकों, विप्र समाज के लोगों एवं मीडिया प्रतिनिधियों से कार्यक्रम में सहभागिता कर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।


























