बदायूँ। भारतीय चिकित्सा संघ (आईएमए) बदायूँ की नवीन कार्यकारिणी के गठन को लेकर शनिवार देर रात शहर के वैभव लॉन में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के बड़ी संख्या में वरिष्ठ एवं युवा चिकित्सकों ने सहभागिता की। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एस. एम. गोविल एवं डॉ. एस. सी. गुप्ता ने संयुक्त रूप से की।
बैठक के दौरान आईएमए बदायूँ के सदस्य चिकित्सकों की सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का चुनाव संपन्न कराया गया। चुनाव में नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अशोक कुमार को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई, जबकि संगठन की निरंतरता और अनुभव को देखते हुए डॉ. अजीत पाल सिंह को एक बार फिर सचिव पद के लिए चुना गया।
इसके अलावा उपाध्यक्ष पद के लिए डॉ. अरुण यादव, कोषाध्यक्ष पद के लिए पुनः डॉ. कुमार वासु, सांस्कृतिक सचिव पद के लिए डॉ. राजेश कुमार वर्मा तथा संयुक्त सचिव पद के लिए डॉ. प्रसून वार्ष्णेय को निर्वाचित किया गया। सभी पदाधिकारियों का चयन सर्वसम्मति से होने पर सभा में उपस्थित चिकित्सकों ने हर्ष व्यक्त किया।
नवनियुक्त पदाधिकारियों का चुनाव प्रक्रिया के अध्यक्ष डॉ. एस. एम. गोविल, डॉ. एस. सी. गुप्ता, पूर्व कार्यकारिणी के उपाध्यक्ष एवं कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. इत्तिहाद आलम सहित सभी उपस्थित सदस्यों ने फूल-मालाएं पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस अवसर पर नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार एवं सचिव डॉ. अजीत पाल सिंह सहित सभी पदाधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि वे अपने कार्यकाल में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, चिकित्सकों के हितों की रक्षा करने तथा समाजसेवा के कार्यों को योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आईएमए बदायूँ को एकजुटता, पारदर्शिता और सेवा भाव के साथ नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई और अंत में सभी चिकित्सकों ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए संगठन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


























