





बिल्सी। शिशु शिक्षा सदन ट्रिपल अकैडमी का 44वां वार्षिक उत्सव आज रविवार को बड़े ही हर्षोल्लास, गरिमा और सांस्कृतिक रंगों के साथ मनाया गया। तहसील रोड स्थित नारायण ग्रीन हाउस में अपराह्न 12 बजे आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में शिक्षा, संस्कार और देशभक्ति का सुंदर समागम देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ बलदेव धाम गुधनी (खोंसारे) के आचार्य ललितेश्वरानंद महाराज, नगर पालिका परिषद की चेयरपर्सन ज्ञान देवी सागर तथा प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया। दीप प्रज्वलन के साथ ही पूरे पंडाल में शिक्षात्मक एवं सांस्कृतिक वातावरण बन गया।
संस्कार थीम पर आधारित रहा कार्यक्रम
इस अवसर पर विद्यालय के नन्हे-मुन्ने छात्र-छात्राओं ने “संस्कार” थीम पर आधारित देशभक्ति से ओतप्रोत, लोकगीतों और सामाजिक संदेशों से जुड़े अनेक रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की मासूम प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
विशेष रूप से “ऑपरेशन सिंदूर” पर आधारित प्रस्तुति ने सभी को भावुक कर दिया, जिसमें बच्चों ने देशभक्ति और बलिदान का मार्मिक चित्रण किया, जिस पर उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों ने जमकर तालियां बजाईं।
अतिथियों का हुआ सम्मान
विद्यालय के डायरेक्टर रजनीश शर्मा, शुभम शर्मा एवं प्रधानाचार्य मीनाक्षी शर्मा ने मंचासीन अतिथियों का स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया। कार्यक्रम में भितरी चैनपुर के विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा का प्रबंध समिति की ओर से भव्य स्वागत किया गया। साथ ही तहसील स्तर के सभी पत्रकारों को भी स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया, जिससे आयोजन की गरिमा और बढ़ गई।
गणमान्य लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर डॉ. राजा बाबू वार्ष्णेय, मनोज वार्ष्णेय, पंडित गोरेलाल शर्मा, डॉ. श्रीकृष्ण गुप्ता, राहुल शर्मा, अक्षय दीक्षित, नेत्रपाल शर्मा, ठाकुर प्रदीप सिंह, तेजस्वी सागर, प्रमोद तोमर, सभासद उमेश गुप्ता, अजीत गुर्जर सहित अनेक गणमान्य नागरिक, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, संस्कार और सांस्कृतिक मूल्यों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


























