
बदायूं। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल द्वारा गुरुवार को हुतात्मा दिवस के अवसर पर जिला अस्पताल बदायूं में एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने रक्तदान कर समाज सेवा का संदेश दिया और दूसरों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए जिला संयोजक हरिओम पाठक ने बताया कि यह रक्तदान शिविर अयोध्या में 1990 की कारसेवा के दौरान शहीद हुए रामभक्तों की स्मृति में हर वर्ष आयोजित किया जाता है। उन्होंने कहा कि 1990 की कारसेवा के दौरान तत्कालीन सरकार द्वारा निर्दोष रामभक्तों पर गोलियां चलवाई गईं, जिनकी याद आज भी हिंदू समाज के हृदय में जिंदा है। यह शिविर उन्हीं शहीदों को श्रद्धांजलि देने और उनके आदर्शों को जीवित रखने का एक प्रयास है।
जिला मंत्री उज्जवल गुप्ता ने कहा कि यह आयोजन केवल श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि राष्ट्र और समाज के प्रति रचनात्मक योगदान देने का संकल्प भी है। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक ऐसा कार्य है जिससे किसी की जान बचाई जा सकती है — यही सच्ची सेवा और सच्चा देशभक्ति का परिचायक है।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष नीरज रस्तोगी, महेंद्रपाल सिंह, नीरज कोचर, राजेश सपरा, अरविंद शर्मा, मयूर गुप्ता, आशीष अचल सक्सेना सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।


























