बदायूं। बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की ऐतिहासिक और निर्णायक विजय के बाद बदायूं में भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय पर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने जोरदार उत्सव मनाया। परिणाम आने के बाद कार्यालय में खुशी की लहर दौड़ पड़ी और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर तथा आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया।

जश्न के दौरान पूर्व शहर विधायक प्रेम स्वरूप पाठक को भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता और शहर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने मिठाई खिलाकर बधाई दी। इसके अलावा वरिष्ठ नेता शारदेन्दु पाठक, सीमा राठौर, विश्वजीत गुप्ता, मुनीश अग्रवाल, जितेंद्र साहू सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता

“बिहार की जनता ने फिर साबित कर दिया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर देश को अटूट भरोसा है। यह जीत विकास, सुशासन और राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों की जीत है। 2027 में उत्तर प्रदेश में भी यही जीत यात्रा जारी रहेगी।”

शहर विधायक महेश चंद्र गुप्ता

“बिहार का जनादेश स्पष्ट संदेश देता है कि मोदी–नीतीश की जोड़ी पर जनता ने पूरा विश्वास जताया है। यह विजय कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास का परिणाम है।”

पूर्व शहर विधायक प्रेम स्वरूप पाठक

“बिहार में एनडीए की जीत से पूरा देश उत्साहित है। यह वोट राष्ट्रवाद और बेहतर भारत के सपने पर पड़ा है। यह परिणाम बताता है कि जनता आज भी भाजपा को ही देश का भविष्य मानती है।”

वरिष्ठ भाजपा नेता शारदेन्दु पाठक

“बिहार के नतीजे विपक्ष के सभी दावों को ध्वस्त करते हैं। जनता ने विकास व पारदर्शी शासन की राह चुनी है। यह जीत आने वाले चुनावों की दिशा तय करने वाली है।”

बिल्सी में भी जश्न

बिहार की जीत की गूंज बिल्सी में भी सुनाई दी, जहां तहसील परिसर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मिष्ठान वितरण कर खुशी मनाई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को बधाई दी और देशभर में मोदी के नेतृत्व को सबसे मजबूत विकल्प बताया।

इस मौके पर भाजपा नेता एवं पूर्व जिला कोषाध्यक्ष विवेक राठी (एडवोकेट) ने कहा—
बिहार में एनडीए की भारी वहुमत के साथ पुनः विजय हासिल करने से सिद्ध हो गया है कि आज भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देश में कोई विकल्प नहीं है। मोदी जी के नेतृत्व में भारत का सम्मान विश्व स्तर पर लगातार बढ़ रहा है।

इस दौरान अनुराग शाक्य, मुकेश शर्मा, सुदीप सिंह चौहान, तेज प्रताप सिंह, सुरेंद्र सक्सेना, विनोद सिंह, धर्मेंद्र सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here