क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य से भी लिया आशीर्वाद


शाहजहांपुर/बिल्सी। आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित महिला सम्मेलन के अवसर पर गुरुवार को बिल्सी के पूर्व नगर पालिका चेयरमैन अनुज वार्ष्णेय ने प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले दो वरिष्ठ नेताओं — भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह और उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना– से विशेष मुलाक़ात की।
यह मुलाक़ात न केवल संगठनात्मक सुदृढ़ता का प्रतीक बनी, बल्कि बिल्सी क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देने के लिए भी एक अहम पहल मानी जा रही है।राजनीतिक जानकारों का मानना है कि विधानसभा चुनावों के समीकरणों को देखते हुए यह भेंट भविष्य में क्षेत्र के लिए सकारात्मक परिणाम लेकर आ सकती है।
पूर्व चेयरमैन अनुज वार्ष्णेय ने दोनों वरिष्ठ नेताओं से सौहार्दपूर्ण वार्ता के बाद कहा -“भाजपा का मूल आधार संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की निष्ठा है। प्रदेश नेतृत्व से मिलना हम कार्यकर्ताओं के लिए गर्व की बात है। आपसे प्रेरणा लेकर हम समाज और संगठन की सेवा में निरंतर कार्य करते रहेंगे।”
वार्ष्णेय ने प्रदेश संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह एवं कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें बिल्सी के विकास कार्यों की रूपरेखा से भी अवगत कराया। इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य से भी उन्होंने आशीर्वाद प्राप्त किया।
सम्मेलन में महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भर भारत अभियान, और संगठन विस्तार जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। भाजपा पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक मजबूत करने का आह्वान किया।


























