छात्राओं को सिखाया गया गुड टच-बैड टच का महत्व, हेल्पलाइन नंबर की भी दी गई जानकारी

बिल्सी। नगर के इस्लामिया इंटर कॉलेज में आज मिशन शक्ति फेस-5 कार्यक्रम के अंतर्गत एक जागरूकता सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अभियोजन अधिकारी ज्योत्सना दुबे ने की। उन्होंने छात्राओं को समाज में महिलाओं के साथ होने वाले उत्पीड़न, छेड़खानी और लैंगिक हिंसा से बचाव के तरीके बताए।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, पुलिस हेल्पलाइन 112, और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। ज्योत्सना दुबे ने छात्राओं को गुड टच और बैड टच की पहचान समझाते हुए कहा कि किसी भी तरह के उत्पीड़न या छेड़खानी की स्थिति में चुप न रहें, बल्कि तुरंत संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर शिकायत दर्ज कराएं।
उन्होंने कहा कि सरकार ने महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा के लिए अनेक योजनाएं चलाई हैं, परंतु इनका सही उपयोग तभी संभव है जब हर लड़की जागरूक होगी और साहसपूर्वक अपनी बात रखेगी।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य श्री अंबुज वार्ष्णेय, अरुण कुमार, महिला कांस्टेबल रितु तोमर, महिला कांस्टेबल प्रियांशी, महिला कांस्टेबल सविता देवी, शिवांगी सागर, असफिया खान, खुशबू खान, महविश खान, धर्मेंद्र श्रीवास्तव, मोहित यादव और नीरज सहित अनेक शिक्षक और छात्राएं उपस्थित रहीं।


























