बिल्सी (बदायूं रोड)। नगर के फ्यूचर लीडर्स स्कूल में आयोजित “किड्स ओलंपिक” प्रतियोगिता का भव्य समापन शनिवार को हुआ। खेलों से सजे इस यादगार समारोह में बच्चों की ऊर्जा, उत्साह और खेल भावना देखने लायक रही। जैसे ही विजेता बच्चों को मेडल पहनाए गए, पूरा विद्यालय तालियों की गूंज से गूंज उठा।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में क्राइम इंस्पेक्टर वी.के. मौर्य उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में सब इंस्पेक्टर रचना देशवाल, डॉ. राजीव कुमार सिंह, समाजसेवी दीपक चौहान, और नीलकमल माहेश्वरी मंच पर मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक प्रदान कर विजेता बच्चों को सम्मानित किया और उनके हौसले को बढ़ाया।

पुलिस विभाग का प्रेरणादायक संदेश “खेल से आता है अनुशासन”

मुख्य अतिथि वी.के. मौर्य ने कहा—“खेल न केवल शारीरिक तंदुरुस्ती के लिए आवश्यक हैं, बल्कि यह आत्मविश्वास, अनुशासन और टीमवर्क की भावना को भी विकसित करते हैं। हर बच्चे को खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए।”

डॉ. राजीव कुमार सिंह ने कहा “हमारा उद्देश्य केवल प्रतियोगिता कराना नहीं, बल्कि हर बच्चे में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और जीत का अटूट जज़्बा पैदा करना है।”

समाजसेवी दीपक चौहान ने इस आयोजन को बच्चों के उज्जवल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा—“यह आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने वाला सशक्त माध्यम है।”

सब इंस्पेक्टर रचना देशवाल ने कहा कि—“खेल केवल शरीर ही नहीं, बल्कि मस्तिष्क का भी व्यायाम हैं। ये बच्चों को मानसिक रूप से भी मजबूत बनाते हैं।”

विद्यालय के डायरेक्टर वी.पी. सिंह ने कहा—“खेलों में भाग लेने से बच्चों की एकाग्रता, निर्णय लेने की क्षमता और समस्या समाधान की योग्यता में उल्लेखनीय सुधार होता है।”

कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के एमडी राहुल कुमार सिंह एवं प्रधानाचार्य रवींद्र सिंह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और बच्चों के उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर जूनियर, प्राइमरी और प्री-प्राइमरी कोऑर्डिनेटर परमेंद्र सिंह, केशव शर्मा, राखी गुप्ता, पी.टी.आई. विश्वदीपक शर्मा सहित समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे। सभी के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here