बदायूँ जनपद की तहसील सहसवान में मिशन शक्ति अभियान चरण 5.0 के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, बदायूँ के निर्देशन में चलाये जा रहे कार्यक्रम क़े अंतर्गत सेठ एम.आर. जैपूरिया स्कूल क़े कक्षा 8 की छात्रा रिद्धिमा माहेश्वरी को एक दिन के लिए सहसवान थाना प्रभारी (एसएचओ) की जिम्मेदारी सौंपी गई।
रिद्धिमा ने गर्व और आत्मविश्वास के साथ थाना प्रभारी का कार्यभार संभाला। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने उन्हें थाना परिसर का भ्रमण कराया और ऑपरेशन गरुड़, ऑपरेशन शील्ड तथा ऑपरेशन ईगल जैसे महत्वपूर्ण अभियानों की जानकारी दी। इन अभियानों के माध्यम से पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा और समाज में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रयासों को रिद्धिमा ने नजदीक से समझा।
इसके अलावा, उन्हें विधवा पेंशन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी केंद्र और राज्य सरकार की महिला कल्याणकारी योजनाओं की भी विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों ने छात्रा को हेल्पलाइन नंबरों की उपयोगिता से भी अवगत कराया —
महिला शक्ति लाइन 1090,
घरेलू हिंसा सहायता नंबर 181,
और पुलिस आपातकालीन सेवा 112 के बारे में बताया गया ताकि वह समाज में अन्य लोगों को भी इनके महत्व से परिचित करा सके।
इस पहल का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास, जिम्मेदारी और नेतृत्व क्षमता विकसित करना था, साथ ही समाज में यह संदेश देना कि आज की बेटियाँ भी हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा सकती हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों और पुलिस अधिकारियों ने रिद्धिमा के उत्साह और जिम्मेदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहलें न केवल छात्राओं को प्रेरित करती हैं, बल्कि समाज में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के प्रति जागरूकता भी बढ़ाती हैं।


























