बदायूं जिले के बिल्सी नगर में चल रहे गौशाला रामलीला कमेटी के तत्वाधान में आयोजित रामलीला मेला अपने चरम पर है। नगर के गौशाला मैदान में हो रहे इस पारंपरिक आयोजन को देखने के लिए प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु और दर्शक उमड़ रहे हैं।
मेला कमेटी के अध्यक्ष उमेश बाबू ने जानकारी दी कि कल 11 अक्टूबर, शनिवार को शाम 5 बजे रावण दहन का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों के निर्माण का कार्य पूर्ण कर लिया गया है और सुरक्षा की दृष्टि से सभी आवश्यक तैयारियाँ कर ली गई हैं।
उन्होंने आगे बताया कि 12 एवं 13 अक्टूबर को रामलीला रंगमंच पर हास्य कलाकार शेखचिल्ली द्वारा जादू और हास्य से भरपूर विशेष कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा, जो मेले का प्रमुख आकर्षण रहेगा। वहीं 15 अक्टूबर को विशाल देवी जागरण का आयोजन किया जाएगा, जिसके साथ इस वर्ष के रामलीला मेले का विधिवत समापन होगा।
मेला कमेटी ने बताया कि श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए 12 एवं 13 अक्टूबर को विशेष कार्यक्रमों के दौरान अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन से अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की गई है, ताकि मेले में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
नगर में रामलीला मेला धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता का प्रतीक बन गया है। स्थानीय लोग इस आयोजन को लेकर उत्साहित हैं और बच्चों में रावण दहन देखने को लेकर विशेष उमंग है।


























