
बिल्सी।जिलाधिकारी बदायूं के निर्देश पर सोमवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने बिल्सी क्षेत्र में मिलावटी खाद्य पदार्थों की रोकथाम हेतु बड़ी कार्रवाई की। सुबह से ही टीम की छापेमारी से पूरे कस्बे में हड़कंप मचा रहा।
सहायक आयुक्त (खाद्य)-II सी.एल. यादव के निर्देशन और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आर.पी. सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने कस्बे के विभिन्न प्रतिष्ठानों पर जांच की। इस दौरान साहबगंज स्थित हरि स्वीट्स से मोतीचूर के लड्डू का नमूना तथा बिल्सी रोड बहेड़ी स्थित रीतेश डेयरी से दूध का नमूना जांच हेतु संग्रहित किया गया।
टीम यहीं नहीं रुकी — उझानी रोड निकट बड़ी ज्यारत क्षेत्र में स्थित करीब 15 खाद्य प्रतिष्ठानों पर मौके पर ही खाद्य पदार्थों की जांच की गई। मौके पर नमूनों की गुणवत्ता की प्राथमिक जांच की गई और दुकानदारों को साफ-सफाई और स्वच्छता के कड़े निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने बताया कि लिए गए दोनों नमूनों को खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान दुकानदारों को चेताया गया कि वे खाद्य पदार्थों को ढककर रखें, दुकानें स्वच्छ रखें और बिना लाइसेंस के किसी भी प्रकार का खाद्य कारोबार न करें।
साथ ही आमजन को मिलावट के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया, ताकि लोग खाद्य सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें।
कार्रवाई के दौरान कस्बे में कई दुकानदारों ने जल्दबाजी में अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए, वहीं कुछ ने टीम के साथ सहयोग करते हुए अपने उत्पादों की जांच कराई।
स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा बनी रही कि दीपावली के बाद अब मिलावटखोरों पर प्रशासन की सख्ती बढ़ने वाली है।
इस दौरान टीम में —
सहायक आयुक्त (खाद्य)-II श्री सी.एल. यादव,मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री आर.पी. सिंह,खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री करन सिंह एवं श्रीमती प्रिया त्रिपाठी,मौजूद रहे।
अधिकारियों ने कहा कि “आगामी त्योहारों के मद्देनज़र पूरे जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर सख्त निगरानी रखी जाएगी।


























