बदायूं।शिक्षक हितों की आवाज़ बुलंद करने के लिए गठित संगठन टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया में बदायूं को एक बड़ी उपलब्धि मिली है। बदायूं के जिला अध्यक्ष एवं प्रांतीय प्रचार मंत्री संजीव शर्मा को संगठन का राष्ट्रीय सचिव चुना गया है।

देशभर के शिक्षकों की भावनाओं को प्रतिनिधित्व देने वाले इस संगठन का गठन हाल ही में सर्वोच्च न्यायालय द्वारा शिक्षकों के पद पर बने रहने और पदोन्नति में टीईटी (TET) की अनिवार्यता को लेकर जारी विवादों के बीच किया गया। इस निर्णय के विरोध में देशभर के 10 से अधिक राज्यों के शिक्षक संगठनों ने मिलकर शिक्षक हित में संघर्ष हेतु टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया का गठन किया था, जिसे अब विधिवत पंजीकृत संख्या 5591 के रूप में पंजीकृत कर लिया गया है।

इस संगठन की राष्ट्रीय बैठक दिल्ली के कांस्टीट्यूशनल क्लब में आयोजित की गई, जिसमें देशभर के शिक्षक संगठनों के प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में निर्वाचन अधिकारी की देखरेख में चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई, जिसमें उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेश चंद्र शर्मा को राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा बदायूं के संजीव शर्मा को राष्ट्रीय सचिव पद पर निर्वाचित किया गया।

संजीव शर्मा के चयन पर जनपद बदायूं में शिक्षकों और साथियों में खुशी की लहर दौड़ गई। विभिन्न शिक्षक संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने उन्हें बधाई दी और आशा जताई कि उनके राष्ट्रीय स्तर पर आने से शिक्षकों की समस्याओं के समाधान को नई दिशा मिलेगी।

संजीव शर्मा ने इस अवसर पर कहा—“यह पद केवल सम्मान नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का प्रतीक है। देशभर के शिक्षकों की आवाज़ को एक मंच से मजबूती से उठाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।”

उनके राष्ट्रीय सचिव चुने जाने के बाद पूरे उत्तर प्रदेश से बधाइयों का सिलसिला लगातार जारी है, और बदायूं के शिक्षकों ने इसे जनपद के लिए गौरव का क्षण बताया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here