



बिल्सी (बदायूं)। सावन के अंतिम सोमवार को नगर भर के शिवालयों में भोलेनाथ के जयकारों की गूंज और भव्य श्रृंगार की छटा देखते ही बन रही थी। नगर के मुख्य बाजार स्थित कुटी मंदिर परिसर में आयोजित मुख्य आयोजन में भारी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी, वहीं मंगलवार को अटल चौक स्थित भवन मंदिर परिसर में राकेश कुमार वार्ष्णेय (हैबतपुर वालों) ने बाबा हनुमान जी का चोला चढ़ाकर श्रृंगार सेवा की, जो विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
कुटी मंदिर में हुआ महाकाल का भव्य श्रृंगार
कुटी मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी लाइटिंग और फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। गुप्ता प्लाईवुड के संचालक गोपाल कृष्ण गुप्ता और समाजसेवी हिमांशु गुप्ता ने अपने परिजनों के साथ इस पावन आयोजन में मुख्य यजमान के रूप में भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 4 बजे रुद्राभिषेक से हुआ, इसके बाद 6 बजे भजन संध्या और रात 9 बजे बाबा महाकाल का भव्य श्रृंगार किया गया, जिसे देखने के लिए नगरवासियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। तत्पश्चात महा आरती और प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया।
इस मौके पर श्री महाकालेश्वर सेवा समिति के सदस्य कुलदीप वार्ष्णेय ने स्वदेश केसरी न्यूज के ब्यूरो प्रभारी ललित मोहन वार्ष्णेय को उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए पटका पहनाकर सम्मानित किया। मुख्य यजमान परिवारजनों को भी पटका पहनाकर समिति द्वारा सम्मानित किया गया।
अटल चौक पर भी रहा शिवभक्ति का रंग
शिव शक्ति भवन मंदिर (अटल चौक) पर मोहल्ला नंबर दो निवासी ऋषभ प्रकाश वार्ष्णेय ने परिवार के साथ बाबा भोलेनाथ का रुद्राभिषेक और श्रृंगार सेवा की। इस अवसर पर महाकाल सेवा समिति के सभी सदस्य मौजूद रहे।
राकेश वार्ष्णेय ने बाबा हनुमान जी को चढ़ाया चोला
सावन के अंतिम मंगलवार को भवन मंदिर स्थित हनुमान मंदिर परिसर में मोहल्ला नंबर पांच निवासी, जूता व्यवसायी राकेश कुमार वार्ष्णेय (हैबतपुर वालों) ने बाबा हनुमान जी का चोला चढ़ाकर श्रृंगार सेवा की। इसके पश्चात महा आरती और प्रसाद वितरण किया गया।
इस मौके पर हनुमान सेवा समिति के सभी सदस्य और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
नगर में सावन के समापन पर आयोजित इन कार्यक्रमों ने भक्ति, सेवा और श्रद्धा का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया।


























