
बिल्सी (बदायूं)।नगर के मोहल्ला नंबर 5 स्थित श्री शनि देव मंदिर परिसर में सावन के अंतिम सोमवार को श्री नर्मदेश्वर महादेव सेवा समिति के तत्वावधान में भव्य धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। दिनभर चले कार्यक्रम में बाबा महाकाल का विशेष श्रृंगार, रुद्राभिषेक, 56 भोग और महा आरती मुख्य आकर्षण रहे।
दोपहर लगभग 1:00 बजे शिवभक्त लवकुश सोमानी ने अपने परिजनों के साथ बाबा भोलेनाथ का विधिवत रुद्राभिषेक किया। इसके बाद शाम 6:00 बजे बाबा महाकाल का भव्य श्रृंगार किया गया, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे मंदिर परिसर को सुंदर फूलों, झालरों और दीपमालाओं से सजाया गया था।
रात्रि 8:00 बजे बाबा को 56 भोग अर्पित किए गए, तत्पश्चात धूमधाम से महाआरती हुई और प्रसाद वितरण कर श्रद्धालुओं को भक्तिभाव से भावविभोर किया गया। इस अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन भी हुआ, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
पूरे आयोजन को सफल बनाने में महादेव सेवा समिति के सभी सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। समिति की ओर से बताया गया कि प्रत्येक वर्ष सावन के अंतिम सोमवार को इसी प्रकार विशेष आयोजन होते हैं, ताकि नगर में धार्मिक वातावरण सुदृढ़ बना रहे।


























