










देहरादून/उत्तरकाशी। उत्तराखंड में प्रकृति ने एक बार फिर अपना क्रूर रूप दिखाया है। मंगलवार सुबह उत्तरकाशी जिले के धराली गांव में खीरगंगा जलग्रहण क्षेत्र में अचानक बादल फट गया, जिससे क्षेत्र में भीषण बाढ़ और भारी तबाही मच गई। अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 50 से 60 ग्रामीणों के बहने की आशंका जताई जा रही है। कई मकान, होटल और खेत मलबे की चपेट में आ गए हैं। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और सेना की टीमें मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।
खीरगंगा में फटा बादल, मच गई तबाही
प्रत्यक्षदर्शी राजेश पंवार के अनुसार, “खीरगंगा के जलग्रहण क्षेत्र में भीषण बादल फटा, जिसने नदी का रुख ही बदल दिया। कुछ ही मिनटों में नदी विकराल रूप में बहने लगी और मलबे के साथ मकान, होटल, दुकानें सब बहा ले गई।”
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि किस तरह सैलाब ने देखते ही देखते पूरे गांव को अपनी चपेट में ले लिया।
दर्जनों लोग लापता, भारी संपत्ति का नुकसान
उत्तरकाशी के जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अब तक चार शव बरामद किए जा चुके हैं, लेकिन लापता लोगों की संख्या 50 से ज्यादा हो सकती है। उन्होंने कहा कि “क्षेत्र में संचार सुविधा और रास्ते बाधित होने से नुकसान का वास्तविक आकलन करने में समय लग सकता है।” भारी मलबा और भूस्खलन की वजह से राहत कार्यों में भी मुश्किल आ रही है।
हेल्पलाइन नंबर जारी
उत्तराखंड प्रशासन ने प्रभावितों की सहायता के लिए दो हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं —
01374-22126 और 01374-22722
इन नंबरों पर लोग अपने लापता परिजनों की जानकारी दे सकते हैं या राहत से संबंधित सहायता मांग सकते हैं।
मुख्यमंत्री धामी बोले – राहत कार्य में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा, “मैं लगातार जिलाधिकारी, आपदा प्रबंधन और राहत एजेंसियों से संपर्क में हूं। राहत कार्यों में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी। प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता दी जाएगी।”
उन्होंने कहा कि एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और सेना की टीमें मौके पर हैं और लगातार लापता लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं।
उत्तर भारत में बारिश का कहर
उत्तराखंड के साथ-साथ उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और बिहार में भी पिछले 48 घंटों से भारी बारिश हो रही है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। कई स्थानों पर जलभराव, भूस्खलन और सड़कें क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं।
ताजा अपडेट के अनुसार…
- उत्तरकाशी जिले की धराली घाटी में 12 से अधिक घर पूरी तरह ध्वस्त
- पुल टूटने से कई गांवों का संपर्क टूटा
- सेना द्वारा हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू की तैयारी
- अस्थाई रैन बसेरों की व्यवस्था की गई
स्वदेश केसरी की विशेष अपील
हम सभी नागरिकों से अपील करते हैं कि अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन द्वारा जारी सूचना व दिशा-निर्देशों का पालन करें। आपात स्थिति में ऊपर दिए हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें।

























