बिल्सी। हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर फैली “ड्रोन चोर” की अफवाह को लेकर नगर व ग्रामीण क्षेत्र में फैले भय और भ्रम को दूर करने के उद्देश्य से मंगलवार शाम 6 बजे कोतवाली परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बिल्सी पुलिस क्षेत्राधिकारी संजीब कुमार, कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार सिंह, क्राइम इंस्पेक्टर बी.के. मौर्य, वरिष्ठ पत्रकार, समाजसेवी व बड़ी संख्या में क्षेत्रीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

क्षेत्राधिकारी संजीब कुमार ने बैठक की शुरुआत करते हुए स्पष्ट कहा कि ड्रोन चोर की बात केवल एक अफवाह है, जिसका अब तक कोई ठोस प्रमाण नहीं मिला है। उन्होंने चेतावनी दी कि जो भी व्यक्ति सोशल मीडिया या अन्य माध्यम से इस तरह की झूठी व भ्रामक सूचना फैलाता पाया जाएगा, उसके खिलाफ आईटी एक्ट समेत सुसंगत धाराओं में कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जनता से अपील की कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें, लेकिन स्वयं कानून हाथ में न लें

इसके बाद थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने ड्रोन अफवाह की सच्चाई विस्तार से बताते हुए कहा कि यह सोशल मीडिया जनित भ्रम है, जिसे लेकर जनता भयभीत हो रही है। उन्होंने बताया कि ऐसी झूठी सूचनाओं के कारण कई निर्दोष लोग भीड़ की हिंसा का शिकार हो चुके हैं, जो अत्यंत दुखद है। उन्होंने कहा कि नागरिक अपने-अपने क्षेत्र में सतर्क रहें, और किसी संदिग्ध व्यक्ति को देखकर तुरंत कोतवाली के सीयूजी नंबर पर सूचित करें।

क्राइम इंस्पेक्टर बी.के. मौर्य ने अपने वक्तव्य में कहा कि अपराधों पर नियंत्रण और मामलों के सफल वर्कआउट के लिए जनता का सहयोग अति आवश्यक है। यदि आम नागरिक सजग और पुलिस के साथ संपर्क में रहें, तो अपराधियों की गतिविधियों को बहुत हद तक रोका जा सकता है।

वरिष्ठ पत्रकार ललित मोहन वार्ष्णेय ने नगर में बढ़ते अतिक्रमण, मुख्य चौराहे पर पुलिस पिकेट बढ़ाने, और नाबालिग बच्चों द्वारा वाहन चलाने की समस्या पर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने सुझाव दिया कि इन मुद्दों पर त्वरित व ठोस कार्रवाई होनी चाहिए।

बैठक में नगर व ग्रामीण क्षेत्रों से आए व्यापारी, शिक्षक, अधिवक्ता, पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता और पूर्व जनप्रतिनिधियों सहित सैकड़ों गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में प्रशासन को सहयोग देने, अफवाहों से सतर्क रहने और शांति बनाए रखने की अपील की।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि ड्रोन चोर जैसी भ्रामक अफवाहें फैलाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here