

बिल्सी। महिलाओं के पारंपरिक उत्सव तीज के शुभ अवसर पर श्री वार्ष्णेय महिला उत्थान समिति द्वारा मंगलवार शाम उझानी स्टैंड स्थित श्रीजी फार्म्स में तीज महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिला सदस्यों ने उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया और रंगारंग प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।
महोत्सव में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, कुर्सी दौड़, नृत्य, गायन और कई स्वास्थ्यवर्धक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। कार्यक्रम में बच्चों से लेकर महिलाओं तक सभी ने सक्रिय सहभागिता दिखाई। प्रतियोगिताओं में विजयी प्रतिभागियों को समिति की ओर से सम्मानस्वरूप आकर्षक उपहार भेंट किए गए।
कार्यक्रम की खास आकर्षण रही “तीज क्वीन प्रतियोगिता”, जिसमें अनेक प्रतिभागियों के बीच शानदार प्रदर्शन करने वाली विधि वार्ष्णेय को “तीज क्वीन” का खिताब प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में देर शाम तक लोक गीत, नृत्य और पारंपरिक तीज की छवियों ने महिलाओं को उल्लास से भर दिया। सभी महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सज-धज कर तीज का स्वागत किया और आपसी मेल-जोल व सांस्कृतिक समरसता का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया।समिति द्वारा यह संदेश भी दिया गया कि ऐसे आयोजन न केवल परंपराओं को जीवित रखते हैं, बल्कि महिलाओं को एकजुट होकर अपनी प्रतिभा दिखाने और आत्मबल बढ़ाने का अवसर भी प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर समिति की अध्यक्ष प्रियंका वार्ष्णेय, उर्मिला वार्ष्णेय, लक्ष्मी गुप्ता, तनु वार्ष्णेय, आशा वार्ष्णेय, श्वेता वार्ष्णेय, गीतांजलि वार्ष्णेय, निधि वार्ष्णेय, दीपिका वार्ष्णेय, शिवानी वार्ष्णेय, किरण वार्ष्णेय सहित समिति की दर्जनों सक्रिय महिला सदस्यों की विशेष उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक-दूसरे को तीज की शुभकामनाएं दीं और महिला सशक्तिकरण की दिशा में समिति की पहल की सराहना की।


























