बदायूं।पर्यावरण संरक्षण को जनांदोलन बनाने के संकल्प के साथ “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान की शुरुआत 9 जुलाई से जनपद बदायूं में वृहद स्तर पर हो रही है। भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता के नेतृत्व में इस अभियान का उद्देश्य केवल पौधारोपण नहीं, बल्कि हर व्यक्ति को प्रकृति से भावनात्मक रूप से जोड़ना और एक संकल्पबद्ध संरक्षक बनाना है।

एक पौधा, एक संकल्प – माँ के नाम

राजीव कुमार गुप्ता ने समस्त सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से विनम्र आग्रह करते हुए कहा कि हर व्यक्ति कम से कम एक पौधा अपनी माँ के नाम से रोपित करे और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी खुद उठाए। उन्होंने इसे मातृशक्ति के सम्मान और धरती माँ के संरक्षण से जोड़ते हुए इसे भावनात्मक स्तर पर जनमानस तक पहुंचाने की अपील की।

सोशल मीडिया के माध्यम से जागरूकता

भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि वृक्षारोपण के बाद फोटो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करें, जिससे यह अभियान सामूहिक प्रेरणा बने और अन्य लोग भी प्रेरित होकर इस पुनीत कार्य में भाग लें।

प्रतीकात्मक नहीं, जन जागरूकता का माध्यम बने अभियान

राजीव गुप्ता ने स्पष्ट किया कि यह कार्यक्रम मात्र प्रतीकात्मक न रह जाए, बल्कि यह हर नागरिक के हृदय को स्पर्श करने वाला जनजागरण अभियान बने। उन्होंने कहा कि “धरती माँ की सेवा, सच्ची माँ की सेवा के बराबर है।” ऐसे में हर नागरिक एक पौधा, एक जिम्मेदारी के भाव के साथ इस अभियान को सफल बनाए।

जनपद के कोने-कोने में लगेगा पौधा

बताया जा रहा है कि बदायूं के हर नगर, कस्बे, गांव, विद्यालय, धार्मिक स्थल व सार्वजनिक स्थलों पर हजारों की संख्या में पौधे रोपे जाएंगे। इस अभियान को भाजपा के अलावा सामाजिक संगठनों, विद्यालयों, पर्यावरण प्रेमियों और युवाओं से जोड़ने की योजना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here