प्रदीप कुमार शर्मा के साथ बिल्सी तहसील प्रभारी ललित वार्ष्णेय की रिपोर्ट,,,,,,,







जुनावई-बिल्सी, उत्तर प्रदेश के संभल जनपद में शुक्रवार देर शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ जिसमें दूल्हा समेत 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा थाना जुनावई क्षेत्र के जनता इंटर कॉलेज के पास हुआ, जब तेज रफ्तार बोलेरो वाहन बेकाबू होकर पलट गई, गाड़ी पलटते हुए कॉलेज की दीवार से टकरा गई। बोलेरो में सवार सभी लोग संभल के हरगोविंदपुर गांव से बदायूं जनपद के बिल्सी तहसील के सिरतौल गांव बारात लेकर जा रहे थे।
शादी की खुशियां मातम में बदलीं






घटना में दूल्हा सूरज (24) पुत्र सुखराम, उसकी भाभी आशा (26), भतीजी ऐश्वर्या (2), विष्णु (6) पुत्र मनोज और एक अज्ञात व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गाड़ी की स्पीड बहुत तेज थी, जिससे चालक का संतुलन बिगड़ गया और बोलेरो पलटी खाते हुए इंटर कॉलेज की दीवार से टकरा गई।
हादसे की आवाज से दहले ग्रामीण, रेस्क्यू में जुटे पुलिस और ग्रामीण
हादसा शाम 7:15 बजे हुआ। ग्रामीणों ने बताया कि टक्कर की आवाज किसी विस्फोट जैसी थी। जब लोग मौके पर पहुंचे तो गाड़ी के अंदर लोग फंसे हुए थे और चीख-पुकार मची हुई थी। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। थाना जुनावई पुलिस, क्राइम इंस्पेक्टर बलराम सिंह यादव व एएसपी दक्षिण अनुकृति शर्मा और अन्य पुलिस बल मौके पर पहुंचे।
जेसीबी मशीन की मदद से गाड़ी के दरवाजे काटे गए और ग्रामीणों की सहायता से घायलों को बाहर निकाला गया। सभी को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां 5 लोगों को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि 4 की गंभीर हालत के चलते उन्हें अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
घायलों में ये शामिल हैं:
- कोमल (15) – दूल्हे की बहन
- रवि (28) – ड्राइवर
- हिमांशी (3) – पुत्री लाल सिंह
- मधु (18) – पत्नी सचिन
- देवा (26) – पुत्र हुकुम सिंह, निवासी खुर्जा
- सभी घायलों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
एसपी केके विश्नोई ने कहा — “तेज रफ्तार और लापरवाही बनी हादसे की वजह”
पुलिस अधीक्षक संभल केके विश्नोई ने मौके का निरीक्षण करने के बाद कहा —
“ड्राइवर की तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते यह भीषण हादसा हुआ है। बोलेरो को दीवार से हटाने के लिए जेसीबी मंगाई गई और घायलों को तत्काल इलाज के लिए भिजवाया गया। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं और विधिक कार्रवाई की जा रही है।”
एएसपी दक्षिण संभल अनुकृति शर्मा ने बताया —
“घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। राहत व बचाव कार्य तेज़ी से चलाया गया। पुलिस ने सभी गाड़ियों की पहचान के लिए मौके पर मिले दस्तावेजों की जांच की और परिजनों को सूचित किया गया। यह हादसा अत्यंत दुखद है।”
दुल्हन का बुरा हाल, शादी का मंडप बना शोक स्थल
दूल्हे सूरज की शादी बदायूं जिले के सिरतौल गांव निवासी राजू की बेटी अंजू से तय हुई थी। बारात जैसे ही गांव से कुछ दूरी पर निकली, हादसे का शिकार हो गई। दुल्हन के परिवार को जैसे ही हादसे की खबर मिली, वहां शादी की तैयारियों का माहौल मातम में बदल गया। दुल्हन अंजू बेसुध हो गई, परिजन भी रोते-बिलखते संभल रवाना हो गए।
रिश्तेदार पहले ही रवाना हो चुके थे, बोलेरो बारात के अंत में चल रही थी
बताया गया कि बारात में शामिल 9 अन्य गाड़ियां पहले ही रवाना हो चुकी थीं। बोलेरो में दूल्हा और उसके करीबी परिजन सवार थे। गाड़ी गांव से महज 2 किलोमीटर दूर पहुंची थी, जब यह हादसा हो गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया शोक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं।
पीड़ित परिवार मूल रूप से राजस्थान का, संभल में करते थे मजदूरी
हादसे में शिकार हुआ परिवार मूल रूप से राजस्थान निवासी बताया जा रहा है, जो लंबे समय से संभल क्षेत्र में मजदूरी कर अपने जीवन यापन कर रहा था। शुक्रवार को भड़रइया नवमी के शुभ अवसर पर शादी रखी गई थी, लेकिन नियति को कुछ और मंजूर था।
दुल्हन की जगह अब कफ़न में लिपटे शव पहुंचेंगे गांव
दूल्हे का मंडप अब शोक स्थल में बदल चुका है। पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। हर आंख नम है और हर चेहरा ग़मगीन। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।


























