










राजस्थान की धार्मिक नगरी खाटू श्यामजी में हुई हालिया घटना ने पूरे देश में तीर्थयात्रियों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। मध्यप्रदेश से आए श्रद्धालुओं के एक परिवार पर दुकानदारों द्वारा लाठी-डंडों से बेरहमी से हमला, महिलाओं के साथ मारपीट और आभूषण छीनने जैसी शर्मनाक घटनाओं ने श्रद्धा स्थलों की गरिमा को ठेस पहुंचाई है।
यह पहली बार नहीं है जब किसी पवित्र तीर्थ स्थल पर श्रद्धालुओं के साथ इस तरह की हिंसा हुई हो। मथुरा-वृंदावन, हरिद्वार, मेहंदीपुर बालाजी जैसे स्थानों से भी बीते समय में ऐसी खबरें आती रही हैं। अब खाटू श्याम मंदिर जैसे विश्वविख्यात तीर्थ पर यह घटना बताती है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा अब सबसे बड़ा सवाल बन चुकी है।
घटना का विवरण:
शुक्रवार सुबह लगभग 10 बजे, उज्जैन (म.प्र.) के पीयूष भाटी, निक्की भाटी, लव भाटी और अर्चना भाटी अपने परिवार के साथ बाबा श्याम के दर्शन को आए थे।अचानक से तेज बारिश होने पर वे श्याम कुंड के पास एक दुकान में बारिश से बचने के लिए खड़े हो गए। इसी पर दुकान मालिकों ने दुकान से बाहर निकलने को कहा श्रद्धांलुओं ने वारिश का हवाला देते हुए कुछ देर की मोहलत मांगी जिस पर दुकान मालिक गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर उतर आए।
पीड़ित महिलाओं का आरोप:
- ब्लाउज खींचा गया, डंडों से पीटा गया
- मंगलसूत्र और सोने की चेन छीन ली गई
- शरीर पर कई जगह डंडों के निशान, सिर पर गहरी चोट और टांके लगे
श्रद्धालुओं की आवाज़:
पीड़ित श्रद्धालु निक्की जादम और अन्य महिलाओं का कहना है, “हम तो सिर्फ बारिश से बचने के लिए कुछ समय दुकान में खड़े हुए थे, लेकिन दुकानदारों ने हमें बेरहमी से पीटा। हमारे साथ बदसलूकी की गई, गहने तोड़ लिए और डराने की कोशिश की गई।“
बच्चों तक को मारा गया, उन्होंने डरे हुए स्वर में कहा कि “हमें बहुत मारा, फिर हम लोग जैसे-तैसे भागकर बचे।”
प्रशासन की भूमिका सवालों के घेरे में
पुलिस ने वीडियो वायरल होने के बाद चार दुकानदारों को गिरफ्तार जरूर किया, लेकिन एफआईआर की प्रक्रिया अभी भी अधूरी है।
एसएचओ पवन चौबे का बयान है: “यह तात्कालिक विवाद था, लेकिन हमने श्रद्धालुओं की शिकायत पर कार्रवाई की है।“
लेकिन सवाल उठता है – क्या तीर्थ स्थलों पर आस्था के नाम पर आने वाले लोगों के साथ ऐसा अमानवीय व्यवहार “तात्कालिक विवाद” कहलाएगा?
पुलिस यह भी कह रही है कि श्रद्धालुओं ने अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं दी, इसलिए वे आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई नहीं कर पा रहे।
क्या पुलिस को सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को स्वतः संज्ञान में नहीं लेना चाहिए था?
तीर्थ स्थलों की गिरती विश्वसनीयता
यह घटना केवल एक झगड़ा नहीं है, यह श्रद्धालुओं के मन में तीर्थ स्थलों के प्रति असुरक्षा की भावना को जन्म देती है।
जो लोग सालों बाद बड़ी आस्था से तीर्थ पर आते हैं, अगर उनके साथ ऐसी घटनाएं होंगी, तो वे फिर कभी ऐसे स्थानों पर लौटने की हिम्मत नहीं करेंगे।
फिर सवाल उठता है — क्या प्रशासन बार-बार उन्हें सुरक्षा देगा? क्या एक नया शहर, नया तीर्थ, और अनजान जगह पर बार-बार आकर केस लड़ना किसी आम श्रद्धालु के लिए संभव है?
मंदिर प्रशासन और दुकानदारों की जवाबदेही तय हो
यह आवश्यक है कि सरकार और मंदिर ट्रस्ट यह सुनिश्चित करें कि:
- मंदिर परिसर में मौजूद दुकानदारों और गार्ड्स के व्यवहार पर नियंत्रण रखा जाए
- श्रद्धालुओं के सम्मान और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए
- ऐसे मामलों में त्वरित, पारदर्शी और कठोर कानूनी कार्रवाई हो
क्या श्रद्धालु सिर्फ “ग्राहक” बनकर रह गए हैं?
तीर्थ स्थलों पर जब व्यापारीकरण हावी हो जाता है, तब आस्था कमजोर हो जाती है। यह घटना यही दर्शाती है कि दुकानदार श्रद्धालुओं को “आस्थावान” नहीं, सिर्फ “ग्राहक” समझने लगे हैं।
यह सोच बेहद खतरनाक है और यह धार्मिक पर्यटन को दीमक की तरह खोखला कर रही है।
केंद्र और राज्य सरकारों से सवाल:
- क्या तीर्थ स्थलों पर आने वालों की सुरक्षा के लिए कोई ठोस नीति बनाई गई है?
- क्या मंदिर ट्रस्ट और दुकान संचालकों की जवाबदेही तय करने की कोई व्यवस्था है?
- क्या पुलिस को सोशल मीडिया से स्वतः संज्ञान लेकर कार्रवाई करने का प्रशिक्षण और निर्देश है?
निष्कर्ष:
खाटू श्याम की घटना सिर्फ एक मारपीट नहीं, श्रद्धा पर हमला है।
जरूरत है कि सरकार, मंदिर प्रशासन और समाज मिलकर यह सुनिश्चित करें कि कोई भी श्रद्धालु अपने धर्म और आस्था की यात्रा में अपमानित, असुरक्षित या पीड़ित न महसूस करे।यह हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है – आस्था की रक्षा, श्रद्धालु की गरिमा की रक्षा।
इस खबर को पढ़ने के बाद ज्यादा से ज्यादा शेयर करें, ताकि तीर्थ स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मंदिर प्रशासन राज्य सरकार एवं केंद्र सरकार पर दबाव बन सके।


























