होम राज्य उत्तर प्रदेश बिल्सी में रानी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर गोष्ठी का आयोजन,...

बिल्सी में रानी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर गोष्ठी का आयोजन, रंगोली और पुष्पांजलि से दी श्रद्धांजलि

बिल्सी (बदायूं)। नगर के प्रतिष्ठित एन.ए. इंटर कॉलेज बिल्सी में महारानी अहिल्याबाई होल्कर जी की 300 वीं जयंती के अवसर पर एक गोष्ठी का आयोजन कर उनके जीवन, कार्यों और समाज सुधार में दिए योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। इस अवसर पर कॉलेज प्रांगण में एक रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें छात्र-छात्राओं ने रानी अहिल्याबाई के चित्र को रंगों से उकेर कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

गोष्ठी के मुख्य अतिथि भाजपा नेता विवेक राठी ने कहा कि “रानी अहिल्याबाई होल्कर भारतीय इतिहास की एक महान शासक थीं, जिन्होंने न केवल धर्म और संस्कृति का संरक्षण किया, बल्कि महिलाओं के अधिकारों एवं शिक्षा के क्षेत्र में भी अनुकरणीय कार्य किए। वे समाज सुधारक के रूप में भी विख्यात हैं और उनकी दूरदर्शिता आज भी प्रासंगिक है।”

इस दौरान कॉलेज के प्रधानाचार्य रामवीर सिंह ने भी छात्र-छात्राओं को रानी अहिल्याबाई के नैतिक मूल्यों, प्रशासनिक दक्षता और सेवा भाव से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि छात्राओं ने मिलकर एक भव्य रंगोली बनाई, जिसमें रानी अहिल्याबाई का चित्र और उनके जीवनवृत्त को कलात्मक रूप से प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम के अंत में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई और दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।

इस अवसर पर कॉलेज स्टाफ, छात्र-छात्राओं और नगर के गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के संयोजक अमित मिश्रा, राहुल शर्मा, राहुल महेश्वरी सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षकगण मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here