होम राज्य उत्तर प्रदेश मिर्ची गैंग का तांडव जारी, सर्राफा दुकानदार की आंखों में मिर्च फूंककर...

मिर्ची गैंग का तांडव जारी, सर्राफा दुकानदार की आंखों में मिर्च फूंककर उड़ाई 14 तोले की दो चेन- दुकान पर भीड़ होने से बच गई एक दुकान, दूसरी से लूटपाट कर भागा बदमाश, सीसीटीवी में कैद हुई तस्वीर

बदायूं (म्याऊं)। थाना अलापुर क्षेत्र की म्याऊं चौकी अंतर्गत एक बार फिर मिर्ची गैंग ने आतंक फैलाया है। गुरुवार को कस्बे की एक सर्राफा दुकान में बदमाश ग्राहक बनकर घुसा और दुकान की मालकिन रेशू वर्मा की आंखों में मिर्च पाउडर फेंककर 14 तोले सोने की दो चेन लूटकर फरार हो गया। यह घटना प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक के सामने स्थित दुकान में हुई, जबकि इसी बदमाश ने एक और दुकान को निशाना बनाने का प्रयास किया, लेकिन वहां भीड़ अधिक होने के कारण वारदात को अंजाम नहीं दे सका।

दुकानदार रेशू वर्मा ने बताया कि एक अजनबी युवक ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंचा और बोला कि उसे सोने की चेन देखनी है, जिसके फोटो खींच कर वह अपने घर भेजना चाहता है। जैसे ही उन्होंने चेन दिखाई, युवक ने अचानक हाथ में छिपाया हुआ मिर्च पाउडर आंखों पर फूंक दिया। जिसके कारण व्यापारी बदहवास हो गया व्यापारी ने आंखें मलते हुए देखा कि उसके द्वारा दिखाई गईं सोने की दो चेन लेकर युवक फरार हो चुका है।

जिसके बाद रेशू वर्मा ने शोर मचाया तो उनके ससुर ने बदमाश का पीछा किया, लेकिन बाजार की भीड़ का फायदा उठाकर आरोपी निकल भागा। बताया गया कि यह बदमाश वारदात से पहले एक अन्य सर्राफ की दुकान पर भी गया था, लेकिन वहां भीड़ अधिक होने के कारण खाली हाथ लौट गया। उस दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में बदमाश की स्पष्ट तस्वीर कैद हुई है। रेशू वर्मा ने फुटेज देखकर आरोपी की पहचान की और पुलिस को तहरीर सौंपकर कार्रवाई की मांग की।

घटना की जानकारी मिलते ही म्याऊं चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाश की तलाश में जुटी है। स्थानीय लोगों में दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक लूट से खौफ का माहौल है। खास बात यह है कि दो महीने पहले भी इसी दुकान में ताला तोड़कर चोरी की वारदात हो चुकी है।

थाना अलापुर पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही बदमाश को पकड़ लिया जाएगा। वहीं, व्यापारियों ने क्षेत्र में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here