

बदायूं। तपती गर्मी में जहां इंसानों के लिए राहत के उपाय किए जा रहे हैं, वहीं अब बेजुबान पशुओं की प्यास बुझाने के लिए भी आवाज़ उठाई गई है। जनपद बदायूं में पशु प्रेमी विकेंद्र शर्मा की अगुवाई में एक सराहनीय पहल की गई है, जिसे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश सिंह ने तत्परता से संज्ञान में लेते हुए अमल में लाने के आदेश भी जारी कर दिए हैं।
गर्मी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए विकेंद्र शर्मा और उनकी टीम ने एसएसपी बदायूं को पत्र सौंपते हुए मांग की कि जिले के सभी थानों और चौकियों के बाहर बेजुबान पशुओं के लिए पानी की नांदें रखवाई जाएं, जिससे कि आवारा गाय, कुत्ते, पक्षी आदि गर्मी में प्यास से न तड़पें। एसएसपी ने इस मांग को अत्यंत संवेदनशील मानते हुए तत्काल सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने थाना व चौकी परिसरों के बाहर जलपान की समुचित व्यवस्था कराएं।
इतना ही नहीं, विकेंद्र शर्मा ने Ministry of Road Transport and Highways की गाइडलाइन का हवाला देते हुए मांग की कि पुलिस विभाग की सभी वाहनों पर ‘पशुओं पर दया करें’ का स्लोगन अनिवार्य रूप से लिखा जाए। इसके लिए भी पत्र सौंपा गया, जिसे एसएसपी ने सकारात्मक रूप से स्वीकार किया।
विकेंद्र शर्मा ने बताया कि सड़कों पर पशुओं के साथ कई बार दुर्घटनाएं हो जाती हैं, क्योंकि लोग रफ्तार में रहकर संवेदना भूल जाते हैं। अगर हर वाहन पर यह स्लोगन लिखा जाए तो यह लोगों को समय पर चेतावनी देने और दया भाव जाग्रत करने में सहायक सिद्ध होगा।
इस मानवीय और प्रेरणादायक पहल पर जिले के सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने भी खुशी जाहिर की है। उन्होंने विकेंद्र शर्मा और उनकी टीम के इस प्रयास की सराहना करते हुए पुलिस प्रशासन के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
इस पहल से यह उम्मीद जगी है कि बदायूं न सिर्फ कानून व्यवस्था में बल्कि करुणा और संवेदनशीलता में भी आगे रहेगा।


























