होम राज्य उत्तर प्रदेश बाबा इंटरनेशनल स्कूल में हर्षोल्लास से मनाया गया ‘पृथ्वी दिवस’, विद्यार्थियों ने...

बाबा इंटरनेशनल स्कूल में हर्षोल्लास से मनाया गया ‘पृथ्वी दिवस’, विद्यार्थियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

बिल्सी (स्वदेश केसरी)। नगर के प्रतिष्ठित बाबा इंटरनेशनल स्कूल में मंगलबार को ‘विश्व पृथ्वी दिवस’ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रमों, भाषणों और पोस्टर प्रदर्शनों के माध्यम से पृथ्वी और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। बच्चों के उत्साह और जागरूकता ने कार्यक्रम को खास बना दिया।

कार्यक्रम के दौरान छात्रों को संबोधित करते हुए शिक्षकों ने बताया कि ग्लोबल वार्मिंग आज दुनिया भर में चिंता का विषय है, जिससे पर्यावरण असंतुलन, जैव विविधता का संकट, भूमि की उर्वरता में गिरावट जैसी समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। इन चुनौतियों से निपटने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है।

विद्यालय के डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय ने कहा, “आज की पीढ़ी भौतिक सुख-सुविधाओं की ओर तेजी से भाग रही है, जिससे प्रकृति का अत्यधिक दोहन हो रहा है। यदि यही स्थिति बनी रही, तो एक दिन शुद्ध वायु, जल और मिट्टी दुर्लभ हो जाएंगे। हमें हर पृथ्वी दिवस पर कम से कम एक पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कदम बढ़ाना चाहिए।”

प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा, “मानव ही पृथ्वी का सबसे बड़ा रक्षक हो सकता है। हमें पॉलिथीन के उपयोग से बचना चाहिए, कागज की बर्बादी रोकनी चाहिए, और पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) को बढ़ावा देना चाहिए। विद्यालय के प्रत्येक छात्र को अपने जन्मदिन पर पौधा लगाने की प्रतिज्ञा लेनी चाहिए।”

कार्यक्रम में विद्यालय प्रशासक गजेन्द्र सिंह, अमित माहेश्वरी सहित समस्त शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से बच्चों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता व जिम्मेदारी का भाव विकसित हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here