बिल्सी: कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जरसैनी में बीती रात अज्ञात बदमाशों ने एक किसान रामपाल की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा कर रही है।
संभल जिले के बहजोई थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी रामपाल अपनी पत्नी अशलेन के साथ कई वर्षों से जरसैनी गांव के जंगल में स्थित एक पुराने मुर्गी फार्म में झोपड़ी बनाकर रह रहा था। ग्रामीणों के अनुसार, यहां फिलहाल मुर्गी पालन नहीं हो रहा था और यह स्थान उनके रहने के लिए इस्तेमाल हो रहा था।
घटना बीती रात करीब 2:00 बजे की है जब अज्ञात बदमाशों ने रामपाल के सिर में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी संजीव कुमार और थाना प्रभारी मय फोर्स मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस जांच जारी:
ग्रामीणों का कहना है कि यह मुर्गी फार्म गांव से करीब 200 मीटर दूर जंगल में स्थित था, जिससे यहां रहने वाले दंपति के बारे में बहुत कम लोग जानते थे। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और जल्द ही हत्या के कारणों का खुलासा करने का दावा कर रही है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी संजीव कुमार ने कहा कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही हत्यारों को पकड़ लिया जाएगा।


























