बिल्सी। नगर के फ्यूचर लीडर्स स्कूल के मेधावी विद्यार्थियों ने हिंदुस्तान ओलंपियाड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले में अपना परचम लहराया है। जिले भर से हजारों विद्यार्थियों ने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में भाग लिया, लेकिन फ्यूचर लीडर्स स्कूल के छात्रों ने कड़ी मेहनत और लगन से विशेष स्थान हासिल किया।
विद्यालय के कक्षा 5 के छात्र समर्थ मौर्य ने सर्वश्रेष्ठ अंक प्राप्त कर जिला टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। वहीं, कक्षा 7 के निर्भय पारशरी ने जिला स्तर पर तृतीय स्थान, कक्षा 3 के बॉबी शाक्य ने नौवां स्थान और कक्षा 1 के कृष्य शाक्य ने दसवां स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा, अन्य विद्यार्थियों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और नगर का मान बढ़ाया।
इस उपलब्धि पर विद्यालय डायरेक्टर वी.पी. सिंह, एमडी राहुल कुमार सिंह और प्रधानाचार्य रविंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उन्हें सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय के डायरेक्टर वी.पी. सिंह ने कहा, “यह सफलता हमारे विद्यालय की शैक्षिक गुणवत्ता, विद्यार्थियों की मेहनत और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। हम आगे भी छात्रों को ऐसे अवसर प्रदान करते रहेंगे, जिससे वे अपनी प्रतिभा निखार सकें।”
विद्यालय के एमडी राहुल कुमार सिंह ने कहा, “यह हमारे लिए गर्व का क्षण है। विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग से यह सफलता संभव हुई है।”
प्रधानाचार्य रविंद्र सिंह ने कहा कि “फ्यूचर लीडर्स स्कूल के विद्यार्थी न केवल विद्यालय बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन कर रहे हैं। यह सफलता अन्य छात्रों को भी कड़ी मेहनत और लगन से पढ़ाई करने की प्रेरणा देगी।”


























