लखनऊ। बदायूं के खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) वागीश पाठक के अनुरोध पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बदायूं के स्पोर्ट्स स्टेडियम के जीर्णोद्धार की स्वीकृति प्रदान की, जिसके बाद कार्य शुरू हो चुका है। अगले एक वर्ष में स्टेडियम का कायाकल्प पूरा होने की उम्मीद है, जिससे क्रिकेट प्रेमियों को बेहतरीन पिच उपलब्ध कराई जाएगी और अन्य खेलों को भी बढ़ावा मिलेगा।
एमएलसी वागीश पाठक ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर स्टेडियम के नवीनीकरण की मांग रखी थी, जिसे मुख्यमंत्री ने तत्काल स्वीकृत करते हुए अधिकारियों को शीघ्र कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को फिट रखने और खेलों को बढ़ावा देने के लिए यह कदम बेहद जरूरी है।
स्टेडियम में क्रिकेट, बैडमिंटन और वॉलीबॉल कोर्ट का भी कायाकल्प किया जा रहा है। इसके अलावा बिसौली और सहसवान के लिए भी नए स्टेडियम की मांग की गई थी, जिसमें से सहसवान विधानसभा के लिए मुख्यमंत्री ने स्टेडियम निर्माण को मंजूरी प्रदान कर दी है। एमएलसी वागीश पाठक ने क्षेत्र की जनता की ओर से मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और आश्वासन दिया कि वे आगे भी युवाओं को खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत रहेंगे।


























