

उझानी। कोतवाली क्षेत्र में बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवती और मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बदायूं-उझानी हाईवे पर हुआ, जब वे एक शादी समारोह से लौट रहे थे।
बुधवार रात बरेली-मथुरा राजमार्ग पर ज्ञान बैंकट हॉल के सामने हुआ हादसा, हादसे में विजय और उनकी मां ममता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भावना और मासूम बच्चे को गंभीर चोटें आईं। घायलों को तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।घटना रात करीब 10 बजे की है।चारों एक ही बाइक पर सवार थे।
शादी से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, कुंवरगांव थाना क्षेत्र के यूसुफपुर निवासी विजय कुमार (30), उनकी मां ममता (50), बहन भावना (20) और मासूम भतीजा एक शादी समारोह में शामिल होने उझानी के एक बैंक्वेट हॉल आए थे। रात 10:00 बजे के करीब, वे बाइक से घर लौट रहे थे, लेकिन जैसे ही उन्होंने हाईवे पर प्रवेश किया, बदायूं की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में मां-बेटे की मौके पर मौत
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि विजय कुमार और उनकी मां ममता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भावना और मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत राजकीय मेडिकल कॉलेज, बदायूं में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने ट्रक चालक को किया गिरफ्तार
सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी नीरज मलिक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बदायूं भेज दिया। पुलिस ने कछला क़ी ओर भाग रहे ट्रक चालक का पीछा कर पकड़ लिया और वाहन को भी कब्जे में ले लिया है।
इस मर्मस्पर्शी हादसे से मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर है।


























