बिल्सी। तहसील क्षेत्र के उघैती थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में मृत व्यक्ति की शिनाख्त हो गई है। मृतक की पहचान ग्राम खंडवा निवासी मुकेश (पुत्र महेंद्र पाल) के रूप में हुई है। परिजनों को सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीर से इस हादसे की जानकारी मिली, जिससे उनके परिवार में कोहराम मच गया।
बेटी के रिश्ता देखने गए थे गाजियाबाद
जानकारी के अनुसार, मुकेश 3 फरवरी को गांव के ही रिंकू के साथ अपनी बेटी के लिए रिश्ता देखने गाजियाबाद गए थे। 4 फरवरी को जब वे लौट रहे थे, तभी बदायूं-बिजनौर हाईवे पर चाचीपुर भट्टे के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में मुकेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रिंकू गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजनों को देर से लगी सूचना
परिजनों को लगा कि 5 फरवरी को मुकेश की बिसौली कोर्ट में तारीख है, इसलिए वह वहीं रुक गया होगा। लेकिन जब हादसे की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई, तब परिजनों को उनकी मौत की खबर मिली। इसके बाद वे पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए।
परिवार में मचा कोहराम
मुकेश की अचानक हुई मौत से पूरे परिवार में मातम छा गया है। घटना से गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया, वहीं घायल रिंकू का इलाज जारी है।


























