बिल्सी। माघ माह के गुप्त नवरात्रि के पावन अवसर पर नगर के मोहल्ला नंबर दो स्थित श्री रघुनाथ जी मंदिर में 18 श्री गायत्री महायज्ञ का आयोजन 30 जनवरी, गुरुवार से शुरू होने जा रहा है। यह आठ दिवसीय आयोजन होगा, जिसमें विशेष दुर्गा सप्तशती पाठ, पूर्ण आहुति हवन एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए जाएंगे।
कार्यक्रम के आयोजक ज्योतिषाचार्य पंडित राजीव शर्मा ने बताया कि प्रत्येक दिन प्रातः 9:00 से 12:00 बजे तक एवं शाम 6:00 से 9:00 बजे तक श्रद्धालु भक्तगण यज्ञ में आहुतियां देंगे। यज्ञ के माध्यम से आत्म कल्याण, जनकल्याण एवं वामन सिद्धि की साधना की जाएगी, जिससे वातावरण शुद्ध होकर सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा।
6 फरवरी को इस धार्मिक आयोजन का समापन कन्या भोज एवं भंडारे के साथ किया जाएगा। आयोजन समिति ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।

























