बिल्सी (बदायूं)। नगर के इस्लामिया इंटर कॉलेज में बुधवार दोपहर बाहरी युवकों ने जबरन घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ की, जिससे विद्यालय में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान अध्यापकों से गाली-गलौज और धक्का-मुक्की भी की गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उससे पहले ही आरोपी फरार हो गए।
घटना का विवरण
इस्लामिया इंटर कॉलेज में अध्यापक अरुण कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 29 जनवरी को दोपहर करीब 12:45 बजे कुछ बाहरी युवक जबरन विद्यालय का मुख्य द्वार खोलकर अंदर घुसे और तेजी से दौड़ते हुए कक्षा 7 में जा पहुंचे। वहां पहुंचकर उन्होंने छात्र शारिक पुत्र इरशाद के साथ मारपीट शुरू कर दी।
जब अध्यापकों ने आरोपियों को रोकने की कोशिश की तो उन्होंने गाली-गलौज करते हुए शिक्षकों से भी धक्का-मुक्की कर दी और फर्नीचर तोड़ डाला। इससे विद्यालय में पढ़ रहे छात्र-छात्राओं में दहशत फैल गई और वे इधर-उधर भागने लगे।
आरोपियों की पहचान
बाद में जब छात्र-छात्राओं से पूछताछ की गई, तो पता चला कि कक्षा 8 के छात्र रेहान पुत्र मो. छोटे ने फोन कर इन दबंगों को स्कूल बुलाया था। घटना की सूचना पाकर 112 पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर भाग चुके थे।
शिक्षकों ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
शिक्षकों और विद्यालय प्रशासन ने पुलिस से दबंगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो और विद्यालय में भयमुक्त वातावरण बना रहे।
पुलिस जांच में जुटी
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बिल्सी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


























