बदायूं। सिख धर्म के दसवें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह महाराज के पावन प्रकाश उत्सव के उपलक्ष्य में आज श्री वैभव लान में गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सत्संग सभा, पंजाबी मोहल्ला, बदायूं के तत्वाधान में एक विशेष कीर्तन दरबार आयोजित किया गया। इस अवसर पर हजूरी रागी जत्था भाई परमजीत सिंह और प्रभजोत सिंह ने कीर्तन गायन किया।




इसके बाद गुरु का ताल, आगरा से पधारे ज्ञानी केवल सिंह ने गुरु गोविंद सिंह के जीवन पर विस्तार से संगत को कथा सुनाई। उन्होंने गुरु जी की वीरता, त्याग और शिक्षाओं पर प्रकाश डाला, जिससे संगत गहरे आध्यात्मिक अनुभव से अभिभूत हो गई।
चंडीगढ़ से आए रागी जत्था भाई तवनीत सिंह ने गुरु गोविंद सिंह की वाणी के कीर्तन सुनाकर संगत को मंत्रमुग्ध कर दिया। कीर्तन दरबार के दौरान नगर कीर्तन में प्रसाद वितरण करने वाले सज्जनों को गुरुद्वारा साहब की ओर से प्रधान श्रीमती रजनी अनेजा और मीत प्रधान मनजीत सिंह ने सम्मानित किया।
इसके अलावा, नगर कीर्तन में भाग लेने वाले विभिन्न विद्यालयों के बच्चों को भी उनके प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। गुरुद्वारा साहब के महासचिव सरदार गुरदीप सिंह ने समस्त आई हुई संगत का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम की समाप्ति के बाद हजारों की संख्या में संगत ने गुरु का लंगर छका। इस आयोजन में श्री सुखमणि साहिब सेवा समिति और स्त्री सत्संग सभा का विशेष योगदान रहा।


























