बदायूं, 12 दिसंबर।एमपी-एमएलए कोर्ट ने भाजपा के बिल्सी विधायक हरीश शाक्य समेत 16 लोगों पर कीमती जमीन हड़पने और सामूहिक दुष्कर्म के गंभीर आरोपों में रिपोर्ट दर्ज कर 10 दिनों के भीतर न्यायालय को अवगत कराने का आदेश दिया है।
पीड़ित ने पुलिस में सुनवाई न होने पर कोर्ट का रुख किया, जिसके बाद न्यायालय ने यह आदेश जारी किया। आरोप है कि विधायक ने अपने भाइयों और अन्य सहयोगियों के साथ गरीबों की जमीन पर कब्जा किया और एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
कोर्ट ने बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, उनके भाई सतेंद्र शाक्य, धर्मपाल शाक्य, रिश्तेदार ब्रजेश कुमार शाक्य, हरिशंकर शाक्य, अनेगपाल, बरेली निवासी आनंद प्रकाश अग्रवाल, अनुराग अग्रवाल, उझानी निवासी उद्योगपति मनोज कुमार गोयल, शैलेंद्र कुमार सिंह, हरीशचंद्र वर्मा, रामपाल, चंद्रवती, दिनेश कुमार, विपिन, और दिनेशचंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश दिया है।
अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि पुलिस सत्ता के दबाव में निष्पक्ष जांच कर कोर्ट को समय पर अवगत कराती है या नहीं। मामला भाजपा विधायक से जुड़ा होने के कारण इसकी निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं।

























