



बदायूं, 2 अक्टूबर 2024। बदायूं क्लब के तत्वावधान में आज महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन के जनपदीय कार्यक्रमों के अंतर्गत बदायूं क्लब सभागार में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित करके हुई, जिसके बाद क्लब के सदस्यों ने इन महान विभूतियों को श्रद्धांजलि दी।
रक्तदान शिविर में बदायूं क्लब के सदस्य संजीव कुमार गुप्ता, और अभिषेक अनंत, सौरभ शंखधार ने रक्तदान कर इस महादान में सहभागिता की। जिला अस्पताल की रक्त विभाग की टीम, मुख्य चिकित्साधिकारी के निर्देशन में, शिविर में उपस्थित रही और उन्होंने रक्तदाताओं का रक्त संग्रहित किया। शिविर के दौरान, क्लब के सचिव डॉ. अक्षत अशेष ने कहा, “महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री, दोनों ही महान विभूतियों ने सेवा और त्याग का मार्ग चुना था। ऐसे में आज के दिन रक्तदान करना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।”कार्यक्रम के अंत में रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर उन्हें सम्मानित किया गया,
इसके अलावा, क्लब के सदस्यों ने गुरुकुल जाकर वहां अध्ययनरत छात्रों को फल वितरित किए। इस अवसर पर क्लब के उपाध्यक्ष डॉ. एस. के. गुप्ता ने भी गांधीजी और शास्त्रीजी के जीवन से जुड़े प्रसंगों को साझा करते हुए उन्हें नमन किया।
इस कार्यक्रम में सांस्कृतिक सचिव रविन्द्र मोहन सक्सेना, अंकेक्षक संजय रस्तोगी, वरिष्ठ सदस्य डॉ. भास्कर शर्मा, नरेश चंद्र शंखधार सहित जिला अस्पताल से शानू, मृत्युंजय चौधरी, गंगा सिंह वर्मा, शुगर पाल ने भी भाग लिया और सहयोग किया।

























