बिल्सी में नगर पालिका प्रशासन की घोर लापरवाही के चलते मच्छरों का प्रकोप बढ़ता जा रहा है, जिससे संक्रामक बीमारियां जैसे वायरल बुखार, मलेरिया और डेंगू पैर पसार रही हैं। नगर के मुख्य बाजार से लेकर गली-मोहल्लों तक मच्छरों की भारी संख्या से नगरवासियों का जीना मुहाल हो गया है। शाम ढलते ही मच्छरों का आतंक और बढ़ जाता है, जिससे लोगों का बाहर निकलना दूभर हो जाता है।
बता दें कि इस समय नगर में रामलीला मेला भी लगा हुआ है, लेकिन वहां की स्थिति और भी भयावह है। खाने-पीने के स्टॉलों पर मच्छरों का जमावड़ा आसानी से देखा जा सकता है, जिससे स्वास्थ्य के प्रति गंभीर खतरा बना हुआ है। नगरवासियों का कहना है कि मच्छरों के कारण मेले का आनंद लेना भी मुश्किल हो गया है, और प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर नगर पालिका प्रशासन शीघ्र फॉगिंग का अभियान नहीं चलाता, तो दीपावली से पहले ही नगर में मलेरिया और डेंगू जैसी जानलेवा बीमारियों का प्रकोप फैल सकता है। मच्छरों की रोकथाम के लिए नगर पालिका प्रशासन की उदासीनता के कारण लोग बेहद चिंतित हैं और संक्रमण से बचने के उपायों की मांग कर रहे हैं।
नगरवासियों ने उप जिलाधिकारी, बिल्सी को एक लिखित पत्र सौंपा है, जिसमें तत्काल फॉगिंग अभियान चलाने और नगर में सफाई व्यवस्था सुधारने की मांग की गई है। उनका कहना है कि अगर प्रशासन समय रहते कार्रवाई नहीं करता, तो नगर को भारी स्वास्थ्य संकट का सामना करना पड़ सकता है।
पालिका प्रशासन की मूकदर्शक स्थिति को देखते हुए नगरवासियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

























